(फाइल फोटो के साथ)
बेंगलुरु, दो फरवरी (भाषा) कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि आयकर विभाग, केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) अब स्वायत्त एजेंसी के बजाय भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के ‘‘सहयोगी’’ के रूप में काम कर रही हैं।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने यह आरोप ऐसे वक्त लगाया है, जब झारखंड के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद कथित भूमि धोखाधड़ी से जुड़े धन शोधन मामले में बुधवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन को गिरफ्तार किया।
सिद्धरमैया ने ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा, ‘‘पिछले दस वर्षों में विपक्षी नेताओं पर प्रवर्तन निदेशालय की छापेमारी इस बात का सबूत है कि सीबीआई, आयकर विभाग, ईडी अब स्वायत्त एजेंसियां नहीं हैं, बल्कि भाजपा के सहयोगी के रूप में काम कर रही हैं।’’
उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों को चुनाव में न केवल भाजपा के खिलाफ लड़ना है, बल्कि आयकर विभाग, सीबीआई और ईडी के खिलाफ भी लड़ना है। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया, ‘‘भाजपा शासन में देश का संविधान और लोकतंत्र विनाश की ओर है।’’
भाषा आशीष दिलीप
दिलीप