2 एमक्यू-9बी सी गार्डियन मानवरहित विमानों को पट्टे पर लेने के लिए समझौता

Ads

2 एमक्यू-9बी सी गार्डियन मानवरहित विमानों को पट्टे पर लेने के लिए समझौता

  •  
  • Publish Date - August 17, 2026 / 06:42 PM IST,
    Updated On - August 17, 2026 / 06:42 PM IST

नयी दिल्ली, 17 अगस्त (भाषा) रक्षा मंत्रालय ने सोमवार को अमेरिकी रक्षा कंपनी जनरल एटॉमिक्स एयरोनॉटिकल सिस्टम्स के साथ भारतीय नौसेना के लिए 1,943 करोड़ रुपये की लागत से दो एमक्यू-9बी ‘सी गार्डियन’ ड्रोन 30 महीने के लिए लीज पर लेने का समझौता किया।

नौसेना के पास पहले से ही दो ‘सी गार्डियन’ ड्रोन हैं, जिन्हें कुछ साल पहले लीज पर लिया गया था।

मंत्रालय ने बताया कि उसने जनरल एटॉमिक्स एयरोनॉटिकल सिस्टम्स के साथ 30 महीने की अवधि का अनुबंध किया है।

मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘‘अनुबंध की कुल लागत लगभग 1,943 करोड़ रुपये है। इस पर रक्षा विभाग के अतिरिक्त सचिव एवं महानिदेशक (अधिग्रहण) की मौजूदगी में हस्ताक्षर किए गए।’’

एमक्यू-9बी ‘सी गार्डियन’ दूर से संचालित होने वाले विमान उन्नत प्रणालियों, अत्याधुनिक सेंसर और आधुनिक पेलोड से लैस हैं।

मंत्रालय ने कहा कि इनकी मदद से भारतीय नौसेना की समुद्री क्षेत्र में निगरानी और जागरूकता क्षमता में महत्वपूर्ण वृद्धि होगी।

मंत्रालय के अनुसार, ‘‘ये प्रणालियां विशाल समुद्री क्षेत्र में लगातार खुफिया जानकारी जुटाने, निगरानी और टोही कवरेज उपलब्ध कराएंगी। इससे हिंद महासागर क्षेत्र में होने वाले घटनाक्रमों पर नजर रखने और उनका जवाब देने की भारत की क्षमता मजबूत होगी।’’

भाषा

राखी नरेश

नरेश