स्वतंत्रता दिवस से पहले, दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा को लेकर अंतरराज्यीय समन्वय बैठक की

Ads

स्वतंत्रता दिवस से पहले, दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा को लेकर अंतरराज्यीय समन्वय बैठक की

  •  
  • Publish Date - August 5, 2026 / 09:40 PM IST,
    Updated On - August 5, 2026 / 09:40 PM IST

नयी दिल्ली, पांच अगस्त (भाषा) दिल्ली पुलिस ने स्वतंत्रता दिवस समारोह से पहले संयुक्त सुरक्षा रणनीति को अंतिम रूप देने और खुफिया जानकारी साझा करने के प्रयासों को मजबूत करने के लिए बुधवार को 11 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ एक अंतरराज्यीय समन्वय बैठक की।

दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, उत्तराखंड, बिहार, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर और चंडीगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी शामिल हुए। दिल्ली पुलिस मुख्यालय में हुई बैठक में केंद्रीय खुफिया और प्रवर्तन एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी हिस्सा लिया।

अधिकारियों ने कहा कि बैठक में कानून प्रवर्तन एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल से स्वतंत्रता दिवस समारोह को बिना किसी अप्रिय घटना के संपन्न कराने पर जोर दिया गया।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘बैठक में कानून-व्यवस्था, विशेष प्रकोष्ठ, यातायात, सुरक्षात्मक सुरक्षा प्रभाग, अपराध, यातायात और खुफिया इकाइयों की अगुवाई करने वाले विशेष पुलिस आयुक्तों के साथ-साथ अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।’

बैठक के दौरान, अधिकारियों ने खुफिया जानकारी साझा की और सीमा पर जांच को मजबूत करने, संदिग्ध व्यक्तियों के सत्यापन और निवारक सुरक्षा उपायों सहित आतंकवाद विरोधी उपायों की समीक्षा की।

अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के तहत खुले क्षेत्रों में पैराग्लाइडर, ड्रोन और अन्य उड़ने वाली वस्तुओं की निगरानी और विनियमन पर भी चर्चा हुई।

अधिकारियों ने संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की आवाजाही पर अग्रिम खुफिया जानकारी समय पर साझा करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने सोशल मीडिया की निगरानी बढ़ाने, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में सक्रिय अंतरराज्यीय आपराधिक गिरोहों के खिलाफ कार्रवाई और हथियारों और नशीले पदार्थों की अवैध आपूर्ति पर अंकुश लगाने के उपायों पर भी चर्चा की।

स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान यातायात प्रबंधन योजनाओं और प्रतिबंधों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था के प्रभावी कार्यान्वयन के लिए घनिष्ठ समन्वय बनाए रखने पर सहमति व्यक्त की।

बैठक को संबोधित करते हुए, दिल्ली पुलिस आयुक्त कुमार ने पिछले वर्षों में सभी विभिन्न एजेंसियों द्वारा दिए गए सहयोग की सराहना की और विश्वास जताया कि इस वर्ष भी समान स्तर का समन्वय जारी रहेगा।

उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्रों में जमीनी स्तर पर समन्वय, सोशल मीडिया की निरंतर निगरानी और संभावित खतरों से संबंधित खुफिया सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई के महत्व को रेखांकित किया।

पुलिस आयुक्त ने मादक पदार्थों की तस्करी और हथियारों की अवैध तस्करी में उभरती प्रवृत्तियों से निपटने की आवश्यकता पर बल देते हुए, क्षेत्र में सक्रिय आपराधिक गिरोहों, विशेष रूप से विदेशों से चलाए जा रहे गिरोहों के खिलाफ केंद्रित और निरंतर कार्रवाई का भी आह्वान किया।

उन्होंने संगठित अपराध के खिलाफ संयुक्त कार्ययोजना और समन्वित रणनीति तैयार करने पर भी जोर दिया, ताकि सभी कानून-प्रवर्तन एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल बना रहे और आगामी स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।

भाषा नोमान नोमान पवनेश

पवनेश