बंगाल उपचुनाव से पहले निर्वाचन आयोग बृहस्पतिवार को तृणमूल के चुनाव चिह्न पर ले सकता है निर्णय

Ads

बंगाल उपचुनाव से पहले निर्वाचन आयोग बृहस्पतिवार को तृणमूल के चुनाव चिह्न पर ले सकता है निर्णय

  •  
  • Publish Date - September 16, 2026 / 08:54 PM IST,
    Updated On - September 16, 2026 / 08:54 PM IST

नयी दिल्ली, 16 सितंबर (भाषा) निर्वाचन आयोग बृहस्पतिवार को तृणमूल कांग्रेस के चुनाव चिह्न ‘‘जोड़ा फूल’’ पर अंतरिम आदेश जारी कर सकता है, क्योंकि पार्टी के प्रतिद्वंद्वी गुटों ने छह अक्टूबर को होने वाले विधानसभा उपचुनाव में इसी चिह्न के साथ उम्मीदवार उतारे हैं।

निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने बताया कि आयोग की बैठक बृहस्पतिवार को होगी और तृणमूल के दोनों गुटों को इसमें मौजूद रहने के लिए कहा गया है।

आयोग ने अबतक, तृणमूल में किसी विवाद को स्वीकार करते हुए कोई औपचारिक घोषणा नहीं की है।

तृणमूल के एक पदाधिकारी ने कहा कि पार्टी के चुनाव चिह्न को या तो किसी एक गुट को उपयोग करने की इजाजत दी जा सकती है या फिर किसी को भी नहीं। उन्होंने यह भी कहा कि निर्वाचन आयोग के पास अन्य विकल्प भी हो सकते हैं।

पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी तथा ऋतब्रत बनर्जी की अगुवाई वाले दोनों प्रतिद्वंद्वी गुटों ने नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए अपने-अपने उम्मीदवार उतारे हैं और दोनों ही गुट पार्टी के आधिकारिक चुनाव चिह्न का इस्तेमाल कर रहे हैं।

बुधवार को दोनों गुटों के लिए अपने-अपने दावों के समर्थन में दस्तावेज जमा करने की आखिरी तारीख थी। उपचुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने की भी यह आखिरी तारीख थी।

अधिकारियों ने बताया कि बृहस्पतिवार को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी और आयोग उपचुनाव को ध्यान में रखते हुए कोई अंतरिम फैसला ले सकता है।

निर्वाचन आयोग उपचुनाव से पहले तृणमूल पर नियंत्रण के लिए प्रतिद्वंद्वी गुटों के दावों की सुनवाई कर रहा है, जिसमें उसके मौजूदा संगठनात्मक ढांचे और अधिकृत हस्ताक्षरकर्ताओं की वैधता भी शामिल है।

भाषा सुभाष सुरेश

सुरेश