अन्नाद्रमुक प्रमुख पलानीस्वामी और अन्य नेताओं ने अंतिम दिन नामांकन पत्र दाखिल किये

Ads

अन्नाद्रमुक प्रमुख पलानीस्वामी और अन्य नेताओं ने अंतिम दिन नामांकन पत्र दाखिल किये

  •  
  • Publish Date - April 6, 2026 / 02:57 PM IST,
    Updated On - April 6, 2026 / 02:57 PM IST

चेन्नई, छह अप्रैल (भाषा) ऑल इंडिया अन्‍ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) प्रमुख ई. के. पलानीस्वामी, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता एल. मुरुगन, तमिलिसई सौंदरराजन, वी. श्रीनिवासन और डीएमडीके नेता प्रेमलता विजयकांत तमिलनाडु में 23 अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार को नामांकन पत्र दाखिल करने वाले प्रमुख नेताओं में शामिल थे। सोमवार को नामांकन दाखिल करने का अंतिम दिन था।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने भी विरुधुनगर जिले के सत्तूर विधानसभा सीट से अपना नामांकन दाखिल किया।

राज्यसभा सदस्य एवं केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन ने अवनासी (सुरक्षित) सीट से चुनाव लड़ने के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया, जबकि भाजपा की एक अन्य नेता एवं पूर्व राज्यपाल तमिलिसई सौंदरराजन ने चेन्नई के मायलापुर विधानसभा क्षेत्र से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।

अन्नाद्रमुक महासचिव एवं राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री पलानीस्वामी ने अपने गृह जिले सलेम के एडप्पाडी विधानसभा क्षेत्र से नामांकन पत्र दाखिल किया, जहां से वे पहले पांच बार चुनाव जीत चुके हैं।

भाजपा महिला मोर्चा की प्रमुख वी. श्रीनिवासन, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा और भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के. अन्नामलाई के साथ, कोयंबटूर उत्तर से नामांकन पत्र दाखिल करने पहुंचीं। वे निवर्तमान विधानसभा में कोयंबटूर दक्षिण का प्रतिनिधित्व करती हैं।

आज अपने नामांकन पत्र दाखिल करने वाले अन्य प्रमुख व्यक्तियों में वेल्लोर जिले के कटपडी से राज्य के जल संसाधन मंत्री एवं द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के वरिष्ठ महासचिव दुरईमुरुगन, कुड्डालोर जिले के वृधाचलम से डीएमडीके महासचिव प्रेमलता विजयकांत, धर्मपुरी से पीएमके नेता अंबुमणि रामदास की पत्नी सौम्या अंबुमणि और तिरुचिरापल्ली के लालगुडी से ‘लॉटरी कारोबारी’ सैंटियागो मार्टिन की पत्नी लीमा रोज शामिल हैं।

भाजपा और कांग्रेस के बड़ी संख्या में वे उम्मीदवार भी निर्वाचन अधिकारियों के कार्यालयों में पहुंचे और अपने नामांकन पत्र दाखिल किए, जिनके नाम उनकी संबंधित पार्टियों द्वारा पिछले सप्ताह घोषित किए गए थे। यह प्रक्रिया 30 मार्च को शुरू हुई थी।

सात अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच और 9 अप्रैल को यदि कोई नाम वापस लिया गया हो तो उसकी पुष्टि के बाद, निर्वाचन आयोग द्वारा उम्मीदवारों की अंतिम सूची घोषित की जाएगी। मतदान 23 अप्रैल को निर्धारित है, जबकि मतगणना 4 मई को होगी।

फिल्म निर्देशक सीमा के नेतृत्व वाली ‘नाम तमिलर काची’ पार्टी के सदस्यों ने राज्य भर में सभी 234 निर्वाचन क्षेत्रों से अपने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं।

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन, उपमुख्यमंत्री एवं उनके पुत्र उदयनिधि, टीवीके प्रमुख और अभिनेता एवं नेता विजय, सीमन और कई अन्य नेताओं ने पिछले सप्ताह अपने नामांकन पत्र दाखिल किए थे।

निर्दलीय उम्मीदवारों सहित 3,700 से अधिक उम्मीदवारों ने अब तक 234 सीट से अपने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। निर्वाचन आयोग द्वारा उम्मीदवारों की अंतिम संख्या आज बाद में अद्यतन की जाएगी।

भाषा अमित नरेश

नरेश