स्टालिन की आलोचना के दौरान अभिनेत्री नयनतारा का उल्लेख कर विवादों में घिरे अन्नाद्रमुक सांसद

Ads

स्टालिन की आलोचना के दौरान अभिनेत्री नयनतारा का उल्लेख कर विवादों में घिरे अन्नाद्रमुक सांसद

  •  
  • Publish Date - March 17, 2026 / 08:14 PM IST,
    Updated On - March 17, 2026 / 08:14 PM IST

चेन्नई, 17 मार्च (भाषा) अन्नाद्रमुक के राज्यसभा सदस्य सी. वी. शनमुगम ने मंगलवार को मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन की ‘अपना सपना हमें बताएं’ पहल का उपहास करते हुए अभिनेत्री नयनतारा का जिक्र कर विवाद खड़ा कर दिया, जिसके बाद विभिन्न वर्गों की ओर से तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की गई।

यहां से करीब 150 किलोमीटर दूर विल्लुपुरम में द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) सरकार के खिलाफ पार्टी के विरोध प्रदर्शन में भाग लेते हुए शनमुगम ने टिप्पणी की, “मुझे नयनतारा चाहिए, क्या आप इसे पूरा करेंगे? क्या मुख्यमंत्री किसी के नयनतारा से शादी करने के सपने को पूरा करेंगे?”

शासन के अंतिम समय में जनता से विकास कार्यों पर प्रतिक्रिया हासिल करने के लिए इस योजना को शुरू करने पर मुख्यमंत्री पर कटाक्ष करते हुए, शनमुगम ने सवाल उठाया कि स्टालिन ने अपने पांच साल के पूरे कार्यकाल के दौरान आखिर क्या किया था।

बाद में, राज्य के पूर्व कानून मंत्री ने खेद व्यक्त किया और स्पष्ट किया कि अभिनेत्री के बारे में उन्होंने गलती से टिप्पणी की थी और इसमें कोई ‘दुर्भावनापूर्ण इरादा’ नहीं था। हालांकि, पार्टी के एक प्रवक्ता ने अन्नाद्रमुक को इस अपमानजनक और अनुचित टिप्पणी से अलग कर दिया।

शनमुगम विवादास्पद बयान देने के लिए जाने जाते हैं। इससे पहले, उन्होंने कहा था कि मुख्यमंत्री अपने चुनावी वादों के तहत ‘मुफ्त में पत्नी’ देने की घोषणा भी कर सकते हैं।

सांसद की आलोचना करते हुए द्रमुक की उप महासचिव कनिमोई ने कहा कि अन्नाद्रमुक में कभी कोई राजनीतिक संस्कृति या बुनियादी नैतिकता नहीं रही है।

कनिमोई ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘इसलिए, विपक्ष के नेता से अपनी पार्टी के इस व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की उम्मीद करना व्यर्थ है, जो नियमित रूप से महिलाओं का अपमान करता है और घृणित भाषण देता है,।’

द्रमुक के प्रवक्ता सरवनन अन्नादुरई ने कहा, ‘यह एक घिनौना बयान है, जो बार-बार अपराध करने वाले सी. वी. शनमुगम ने दिया है। यह पहली बार नहीं है जब उन्होंने महिलाओं के बारे में इस तरह की अपमानजनक टिप्पणी की है। अन्नाद्रमुक के महासचिव एडप्पाडी के. पलानीस्वामी को उनके खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए।’

माकपा के पूर्व विधायक के. बालभारती ने मांग की कि निर्वाचन आयोग शनमुगम के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करे।

करूर से कांग्रेस सांसद ज्योतिमणि ने शनमुगम की टिप्पणियों की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि सार्वजनिक रूप से महिलाओं के खिलाफ इस तरह के अश्लील भाषण को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

ज्योतिमणि ने मांग की कि पुलिस शनमुगम के खिलाफ तुरंत मामला दर्ज करे और उचित कार्रवाई करे।

भाषा

राखी दिलीप

दिलीप