अहमदाबाद, 31 अगस्त (भाषा) सऊदी अरब के दम्मम से सोमवार को नयी दिल्ली जा रही एयर इंडिया की एक उड़ान को “बम” की धमकी मिलने के बाद अहमदाबाद हवाई अड्डे पर आपातकालीन स्थिति में उतारा गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि विमान में 32 यात्री सवार थे।
‘जी’ डिवीजन के सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) वी.एन. यादव ने बताया कि चालक दल के सदस्य को धमकी वाला संदेश मिलने के बाद पायलटों ने दिल्ली जा रहे विमान का रुख मोड़कर उसे अहमदाबाद ले जाने का फैसला किया।
एसीपी ने कहा, “एक क्रू सदस्य को एक टिश्यू पेपर मिला, जिस पर ‘बम’ लिखा हुआ था। इसके बाद विमान शाम करीब 4:30 बजे अहमदाबाद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आपात स्थिति में उतारा गया।”
उन्होंने बताया कि सुरक्षा एजेंसियों ने विमान की पूरी तरह जांच की और उन्हें कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं।
उन्होंने कहा कि उन्हें अहमदाबाद हवाई अड्डे के टर्मिनल-2 में ठहराया गया है और घटना की जांच शुरू कर दी गई है।
भाषा जोहेब नरेश
नरेश