नयी दिल्ली, 29 अप्रैल (भाषा) एयर इंडिया के एक पायलट की बुधवार को इंडोनेशिया के बाली में दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। पायलट वहां विश्राम अवकाश पर थे।
एयरलाइन के एक अधिकारी के अनुसार, लगभग 40 वर्षीय यह ‘फर्स्ट ऑफिसर’ मंगलवार को दिल्ली से बाली की उड़ान परिचालित कर वहां पहुंचे थे।
एयर इंडिया के एक प्रवक्ता ने एक बयान में कहा कि फर्स्ट ऑफिसर बाली में चालक दल के निर्धारित विश्राम पर थे, तभी उन्होंने अपने होटल में काफी बेचैनी और अस्वस्थता की शिकायत की।
प्रवक्ता ने कहा, ‘उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां पता चला कि उन्हें दिल का दौरा पड़ा है। चिकित्सा दल के सर्वोत्तम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।’
प्रवक्ता ने कहा कि एयर इंडिया पायलट के निधन से गहरे दुख में है।
उन्होंने कहा कि एयरलाइन पायलट के परिवार के साथ लगातार संपर्क में है और हरसंभव सहायता प्रदान कर रही है।
फिलहाल घटना के बारे में अधिक विवरण का पता नहीं चल पाया है।
एयरलाइन अधिकारी ने बताया कि पायलट ने कुछ महीने पहले ही नियामक आवश्यकताओं के अनुसार सभी अनिवार्य चिकित्सा जांच करवायी थीं।
अधिकारी ने कहा कि उन्हें पहले से कोई बीमारी नहीं थी और पायलट नागरिक विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) द्वारा निर्धारित उड़ान-घंटों की सीमा के भीतर ही काम कर रहे थे।
भाषा सुमित नरेश
नरेश