नयी दिल्ली, 31 जुलाई (भाषा) लंदन के लिए उड़ान भरने वाला एअर इंडिया का बोइंग 787-9 विमान तकनीकी समस्या के कारण बृहस्पतिवार को दिल्ली हवाई अड्डे पर उड़ान नहीं भर सका।
एयरलाइन के प्रवक्ता ने ‘पीटीआई-भाषा’ को एक बयान में बताया, ‘‘31 जुलाई को दिल्ली से लंदन जाने वाली ‘एआई2017’ संदिग्ध तकनीकी समस्या के कारण उड़ान नहीं भर सकी। चालक दल के सदस्यों ने मानक संचालन प्रक्रिया का पालन करते हुए उड़ान नहीं भरने का फैसला किया और विमान को एहतियाती जांच के लिए वापस लाया गया।’’
एक सूत्र ने बताया कि उड़ान का संचालन बोइंग 787-9 विमान से किया जाना था।
बयान में कहा गया है, ‘‘यात्रियों को जल्द से जल्द लंदन ले जाने के लिए एक वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की जा रही है। हमारे कर्मचारी इस अप्रत्याशित देरी के कारण होने वाली असुविधा को कम करने के लिए यात्रियों को हर संभव सहायता और देखभाल प्रदान कर रहे हैं।’’
विमान में सवार यात्रियों की संख्या के बारे में तुरंत जानकारी नहीं मिल सकी।
भाषा शफीक देवेंद्र
देवेंद्र