केरल विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार चयन से जुड़े सभी मुद्दों को सुलझा लिया गया है: सतीशन

Ads

केरल विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार चयन से जुड़े सभी मुद्दों को सुलझा लिया गया है: सतीशन

  •  
  • Publish Date - March 19, 2026 / 11:05 AM IST,
    Updated On - March 19, 2026 / 11:05 AM IST

कोच्चि/नयी दिल्ली, 19 मार्च (भाषा) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता वी डी सतीशन ने बृहस्पतिवार को कहा कि राज्य में आगामी चुनाव के लिए पार्टी उम्मीदवारों के चयन से जुड़े सभी मुद्दे सुलझा लिए गए हैं।

सतीशन ने नयी दिल्ली में सुबह संवाददाताओं से कहा कि पार्टी जिन शेष 40 सीट पर चुनाव लड़ रही है, उनके लिए उम्मीदवारों के नाम की सूची दिन में घोषित कर दी जाएगी।

कांग्रेस ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए मंगलवार को 55 उम्मीदवारों की सूची जारी की थी।

ऐसा बताया जा रहा है कि कांग्रेस पर कन्नूर के सांसद के. सुधाकरन और अटिंगल के सांसद अदूर प्रकाश का दबाव है। इन दोनों नेताओं ने क्रमशः कन्नूर और कोन्नी विधानसभा क्षेत्रों से चुनाव लड़ने में रुचि जताई है।

सतीशन ने कहा कि पार्टी के भीतर कोई ‘‘धमाका’’ नहीं होगा लेकिन ऐसे सदस्य जरूर होंगे जो नौ अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव में लड़ने का मौका नहीं मिल पाने से निराश होंगे।

विधानसभा में विपक्ष के नेता ने कहा, ‘‘कभी-कभी किसी सीट से उम्मीदवार बनने के लिए एक से अधिक सदस्य पात्र होते हैं लेकिन उनमें से केवल एक का ही चयन किया जा सकता है। यह हमारे लिए भी कठिन था। जो लोग निराश हैं, हम उनका समर्थन एवं संरक्षण करेंगे।’’

सतीशन ने कुछ घंटे बाद केरल पहुंचने पर कोच्चि में मीडिया से कहा कि उम्मीदवारों के चयन का काम पूरा हो गया है इसलिए वह लौट आए हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘सभी मुद्दे सुलझा लिए गए हैं। उम्मीदवारों की अंतिम सूची दिन में घोषित कर दी जाएगी।’’

हालांकि, सतीशन ने संवाददाताओं के इस सवाल का जवाब नहीं दिया कि कन्नूर के सांसद एवं पार्टी के प्रभावशाली नेता के. सुधाकरन को टिकट दिया गया है या नहीं।

उन्होंने जवाब दिया कि उम्मीदवारों की अंतिम सूची घोषित होने पर सब स्पष्ट हो जाएगा।

उन्होंने यह भी दावा किया कि सुधाकरन के पार्टी से नाराज होने की खबरें ‘‘मीडिया की उपज’’ हैं।

सतीशन ने कांग्रेस द्वारा उम्मीदवारों के चयन में देरी की खबरों को भी खारिज करते हुए कहा कि चयन समिति के अध्यक्ष के अस्वस्थ होने के कारण इसमें अधिक समय लगा।

उन्होंने कहा, ‘‘इसके बावजूद उम्मीदवारों का चयन रिकॉर्ड समय में किया गया है। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने अभी तक अपने उम्मीदवारों की पूरी सूची घोषित नहीं की है।’’ भाषा सिम्मी शोभना

शोभना