अगरतला, 23 जून (भाषा) त्रिपुरा में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेता जितेंद्र चौधरी ने रविवार को कहा कि वाम दल राज्य में अगस्त में संभावित त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से मुकाबला करने के लिए कांग्रेस और समान विचारधारा वाले दलों के साथ ‘स्थानीय स्तर’ पर तालमेल करेंगे।
पिछले साल के विधानसभा चुनाव और हाल ही में संपन्न लोकसभा चुनाव में माकपा ने कांग्रेस के साथ चुनावी समझौता किया था, लेकिन भाजपा और उसके सहयोगियों को हराने में विफल रही।
माकपा के राज्य सचिव चौधरी ने पत्रकारों से कहा, ‘‘स्थानीय स्तर (जिला और प्रखंड) पर यह सुनिश्चित करने के लिए चर्चा चल रही है कि सभी लोकतांत्रिक ताकतें सभी सीट पर चुनाव लड़ सकें। किसी विशेष क्षेत्र में मजबूत आधार वाली पार्टी उन पंचायतों में चुनाव लड़ेगी।’
इससे पहले त्रिपुरा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अशीष कुमार साहा ने भी इस दृष्टिकोण का समर्थन करते हुए कहा था कि पंचायत चुनावों में कांग्रेस और वाम दलों के बीच स्थानीय स्तर पर समझौता होगा।
भाषा
शुभम संतोष
संतोष