रामबन में अमरनाथ यात्रियों की बस में आग लगी, कोई हताहत नहीं

Ads

रामबन में अमरनाथ यात्रियों की बस में आग लगी, कोई हताहत नहीं

  •  
  • Publish Date - July 16, 2026 / 09:24 PM IST,
    Updated On - July 16, 2026 / 09:24 PM IST

जम्मू, 16 जुलाई (भाषा) जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में बृहस्पतिवार को जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर अमरनाथ यात्रियों को ले जा रही एक बस में आग लग गई। घटना के बाद त्वरित बचाव अभियान चलाकर बस में सवार सभी 47 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि राजस्थान के श्रद्धालुओं को ले जा रही यह स्लीपर बस अमरनाथ गुफा मंदिर में दर्शन के बाद श्रीनगर से जम्मू की ओर जा रही थी, तभी राजमार्ग पर करोल के पास इसमें आग लग गई।

अधिकारियों ने बताया कि बस का एक टायर कथित तौर पर फटने के बाद यात्रियों ने धुआं उठता देखा। इसके बाद वाहन के आग की लपटों में घिरने से पहले यात्री बस से उतर गए।

पुलिस, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), सेना के जवानों, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ), अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं और नागरिक त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी) के स्वयंसेवकों ने मौके पर पहुंचकर बचाव और अग्निशमन अभियान शुरू किया।

रामबन के उपायुक्त मोहम्मद अलियास खान ने बताया कि चालक और परिचालक समेत सभी 47 सवार सुरक्षित बच गए।

उपायुक्त ने कहा, ‘तीर्थयात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया है और उन्हें जम्मू की आगे की यात्रा के लिए दूसरी बस में भेजा जा रहा है।’

अधिकारियों ने बताया कि आग की वजह से बस पूरी तरह से नष्ट हो गई। उन्होंने कहा कि आग लगने के सटीक कारण का अभी पता नहीं चल पाया है, हालांकि प्रारंभिक जानकारी से संकेत मिलता है कि टायर फटने के बाद आग लगी।

उन्होंने बताया कि अग्निशमन अभियान के दौरान सामरिक रूप से महत्वपूर्ण जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा।

भाषा तान्या पवनेश

पवनेश