अमित शाह ने ईस्टर पर ईसाई समुदाय से केरल में राजग का समर्थन करने की अपील की

Ads

अमित शाह ने ईस्टर पर ईसाई समुदाय से केरल में राजग का समर्थन करने की अपील की

  •  
  • Publish Date - April 5, 2026 / 08:53 PM IST,
    Updated On - April 5, 2026 / 08:53 PM IST

(तस्वीरों के साथ)

कोच्चि/तिरुवनंतपुरम, पांच अप्रैल (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को ईस्टर के अवसर पर ईसाई समुदाय से संवाद करते हुए अपील की कि समुदाय नौ अप्रैल को होने वाले केरल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का समर्थन कर राज्य में सरकार बनाने में मदद करे।

शाह ने एर्णाकुलम के कुन्नथुनाडु निर्वाचन क्षेत्र में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए शबरिमला मंदिर से कथित तौर पर हुई सोने की चोरी का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अगर राजग केरल में सरकार बनाता है, तो इसके पीछे के दोषियों को दो महीने के भीतर जेल भेज दिया जाएगा।

शाह ने कहा कि केरल को अपना पहला अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) मिलेगा और राज्य में राजग सरकार के आने के दो साल के भीतर यह कार्य करने लगेगा।

केंद्रीय गृह मंत्री ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी हमला करते हुए उन्हें ‘झूठा’ करार दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री पिनराई विजयन पर कटाक्ष करते हुए दावा किया कि मार्क्सवादी नेता ने एक ‘नाम बदलने का स्टार्टअप’ शुरू किया है, जिसमें वह केंद्र प्रायोजित योजनाओं और परियोजनाओं के नाम बदलकर उनका श्रेय खुद लेते हैं।

उन्होंने शाम को तिरुवनंतपुरम जिले के कट्टाकड़ा में आयोजित एक अन्य जनसभा में भी इसी तरह के आरोप लगाए और दावे किए।

शाह ने भाजपा नीत राजग के लिए प्रचार करते हुए ईस्टर के अवसर पर ईसाई समुदाय को शुभकामनाएं दीं और उनसे गठबंधन का समर्थन करने का अनुरोध किया।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं ईसाई समुदाय के अपने भाइयों और बहनों से अपील करता हूं कि वे राजग के साथ खड़े हों और एक समृद्ध केरल के निर्माण में मदद करें।’’

केंद्रीय गृहमंत्री की यह अपील केंद्र द्वारा विदेशी अंशदान (विनियमन) अधिनियम (एफसीआरए) में प्रस्तावित हालिया संशोधनों को लेकर ईसाई समुदाय में व्याप्त चिंताओं के बीच आई है।

उन्होंने कहा कि राजग का रुख ‘‘सभी के लिए न्याय और किसी का तुष्टीकरण नहीं’’ है और यह पूरे भारत में उसके द्वारा किए जा रहे कार्यों में स्पष्ट रूप से दिखाई देता है।

शाह ने कहा कि जब पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) ने कथित तौर पर भारत विरोधी गतिविधियां शुरू कीं, तो ‘‘हमने एक ही दिन के भीतर उनके सभी कार्यकर्ताओं को जेल में डाल दिया’’।

केंद्रीय गृहमंत्री ने दावा किया कि एलडीएफ और यूडीएफ दोनों ने पीएफआई पर प्रतिबंध का विरोध किया, इनमें से एक ने पीएफआई की राजनीतिक इकाई एसडीपीआई का साथ दिया, जबकि दूसरे ने जमात-ए-इस्लामी के साथ गठबंधन कर लिया है। उन्होंने कहा कि इन दोनों मोर्चों के शासन में ‘केरल सुरक्षित नहीं है’।

भाजपा के वरिष्ठ नेता ने आरोप लगाया कि मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) नीत वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) और कांग्रेस नीत संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) ने वक्फ बोर्ड द्वारा एर्णाकुलम जिले के मुनंबम में रहने वाले 600 लोगों की जमीन पर कब्जा करने की कोशिश किये जाने पर ‘चुप्पी’साधे रखा। उन्होंने दावा किया कि उस स्थिति में केंद्र की राजग सरकार ने उनकी संपत्ति की रक्षा के लिए वक्फ अधिनियम में संशोधन किए।

शाह ने आरोप लगाया कि एलडीएफ और यूडीएफ दोहरा रुख अपनाने वाले गठबंधन हैं, जो केरल के बाहर चुनावों में एक साथ चुनाव लड़ते हैं, लेकिन केरल में एक-दूसरे का विरोध करते हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों संगठन करुवनूर सहकारी बैंक घोटाला, सौर ऊर्जा घोटाला आदि जैसे विभिन्न घोटालों में संलिप्त थे, लेकिन कोई भी दूसरे को गिरफ्तार नहीं करता है।

भाजपा के वरिष्ठ नेता ने आरोप लगाया कि ‘‘एलडीएफ शासन में शबरिमला मंदिर से सोने की चोरी हुई, जबकि यूडीएफ ने उस चोरी के सोने को बेचने में मदद की।’’

शाह ने कहा कि एलडीएफ और यूडीएफ भ्रष्टाचार को रोक नहीं सकते और न ही एक सुरक्षित और विकसित केरल का निर्माण कर सकते हैं। उन्होंने दावा किया,‘‘एक विकसित, सुरक्षित और आधुनिक केरल का निर्माण केवल राजग सरकार के नेतृत्व में ही हो सकता है।’’

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और विजयन दोनों एक-दूसरे की पार्टियों को भाजपा की ‘बी-टीम’ कहते हैं।

शाह ने कहा, ‘‘मैं विजयन से कहना चाहूंगा कि केरल में भाजपा ‘ए-टीम’ होगी और आप ‘बी-टीम’ होंगे।’’

अहमदाबाद से सांसद शाह ने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि विजयन ने राज्य या तिरुवनंतपुरम के लिए कुछ नहीं किया है, क्योंकि कम्युनिस्ट विकास नहीं ला सकते और इस मार्क्सवादी नेता ने केवल इतना किया है कि केंद्र प्रायोजित योजनाओं और परियोजनाओं के नाम बदलने के लिए एक ‘स्टार्टअप’ शुरू किया है।

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘मोदी परियोजना और उसके लिए पैसा भेजते हैं और विजयन उसमें अपना नाम जोड़ने का काम करते हैं।’’

भाजपा नेता ने कहा, ‘‘यह हथकंडा अब काम नहीं करेगा, क्योंकि लोग जानते हैं कि सारा काम मोदी सरकार ही कर रही है।’’

शाह ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्हें ‘झूठा’ करार दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता भारत में ईंधन की कीमतों में वृद्धि के बारे में झूठ बोल रहे हैं और लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं।

शाह ने लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष पर तंज कसते हुए कहा, ‘‘राहुल बाबा, आपने ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी के बारे में जो कहा वह सही है। कीमतें बढ़कर 460 रुपये प्रति लीटर हो गई हैं, लेकिन पाकिस्तान में, केरल या भारत में नहीं। जैसा कि आपने दावा किया है, मोदी ने पाकिस्तान में पेट्रोल की कीमतें नहीं बढ़ाई हैं। मोदी ऐसा नहीं कर सकते।’’

गृहमंत्री ने कहा कि दुनिया भर में ईंधन की कीमतों में वृद्धि हुई है, जिसके चलते सरकारों को इसकी राशनिंग करनी पड़ रही है, घर से काम करने का आदेश देना पड़ रहा है या तीन दिनों की छुट्टी घोषित करनी पड़ रही है।

उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन भारत में कीमतें नहीं बढ़ी हैं और न ही राशनिंग है। यह नरेन्द्र मोदी का प्रबंधन है।’’

शाह ने दावा किया कि राहुल ने पश्चिम एशिया संघर्ष और खाड़ी देशों के बारे में इस तरह से बयान दिए, जिससे वे भारत से नाराज हो जाए।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं राहुल से कहना चाहता हूं कि आप वैसे भी चुनाव नहीं जीतने वाले हैं, इसलिए आपको खाड़ी क्षेत्र में काम करने और रहने वाले एक करोड़ से अधिक भारतीयों के भविष्य के बारे में सोचना चाहिए। इतना झूठ मत बोलो।’’

शाह ने दिल्ली में आयोजित ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा विरोध प्रदर्शन के दौरान कपड़े उतारने की घटना का जिक्र करते हुए राहुल गांधी द्वारा इसके समर्थन को ‘बेशर्मी’ करार दिया।

भाषा धीरज दिलीप

दिलीप