अमित शाह ने अपने लोकसभा क्षेत्र गांधीनगर में पौधारोपण अभियान की समीक्षा की

Ads

अमित शाह ने अपने लोकसभा क्षेत्र गांधीनगर में पौधारोपण अभियान की समीक्षा की

  •  
  • Publish Date - July 16, 2026 / 09:59 PM IST,
    Updated On - July 16, 2026 / 09:59 PM IST

गांधीनगर, 16 जुलाई (भाषा) केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बृहस्पतिवार को गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल की मौजूदगी में अपने लोकसभा क्षेत्र गांधीनगर में जारी पौधारोपण अभियान की प्रगति की समीक्षा के लिए बैठक की।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि अहमदाबाद में शाह की अध्यक्षता में ‘गांधीनगर लोकसभा हरियाली लोकसभा’ के तहत पौधारोपण अभियान के प्रभारियों की समीक्षा बैठक हुई, जिसमें शहर के महापौर हितेश बारोट भी शामिल हुए।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से प्रेरित होकर गांधीनगर को एक ‘हरित लोकसभा’ बनाने के लिए चलाए गए व्यापक पौधारोपण कार्यक्रम ने हाल ही में गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया था।

बयान में कहा गया है, “इस अभियान के तहत किए गए कार्यों की समीक्षा और आगे की योजना बनाने के लिए शाह की अध्यक्षता में अहमदाबाद के सरदार स्मारक में बैठक आयोजित की गई। शाह ने इस कार्यक्रम में हिस्सा लेने वाले कार्यकर्ताओं, संस्थाओं और नागरिकों को बधाई दी और अब तक किए गए कामों की विस्तार से समीक्षा की।”

बयान में शाह के हवाले से कहा गया, “इस अभियान के तहत लगाए गए सभी पौधों की सही देखभाल और रखरखाव सुनिश्चित करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से प्रयास करना जरूरी है, ताकि 100 प्रतिशत पौधे पूरी तरह विकसित होकर हरे-भरे बन सकें।”

बैठक को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि यह अभियान केवल डेढ़ करोड़ पेड़ लगाने के साथ खत्म नहीं हुआ है, बल्कि इसकी शुरुआत अब हुई है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे इसे पार्टी के कार्यक्रम के रूप में नहीं, बल्कि अपने धार्मिक और सामाजिक कर्तव्य के रूप में जारी रखें।

भाषा जोहेब माधव

माधव