नयी दिल्ली, 11 मई (भाषा) बाहरी दिल्ली के सुल्तानपुरी में पुरानी रंजिश के चलते तीन नाबालिगों ने 18 वर्षीय एक युवक को कथित तौर पर चाकू मारकर जख्मी कर दिया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस को रविवार को सूचना मिली कि चाकू से किए गए हमले में घायल युवक को अस्पताल लाया गया है।
उन्होंने बताया कि नैतिक नाम के घायल युवक को इलाज के लिए संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक, पूछताछ के दौरान नैतिक ने पुलिस को बताया कि 15 से 16 वर्ष के तीन लड़कों ने उस पर चाकू से हमला किया। उसकी उन लड़कों से मामूली विवाद को लेकर रंजिश थी।
उन्होंने बताया कि पीड़ित के बयान के आधार पर सुल्तानपुरी थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है।
अधिकारी ने कहा, ‘आरोपियों में से एक नाबालिग को पकड़ लिया गया है। हमले में शामिल बाकी दो आरोपियों की तलाश जारी है।’
उन्होंने बताया कि घटना के कारण का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
भाषा नोमान दिलीप
दिलीप