जयपुर, 26 अप्रैल (भाषा) राजस्थान के बीकानेर के रहने वाले भारतीय सेना के एक जवान ने श्रीनगर से दिल्ली तक साइकिल यात्रा रिकार्ड समय में पूरी की है।
बलवीर (26) ने 859 किलोमीटर की दूरी 50 घंटे, 58 मिनट और 27 सेकंड में तय की। यह यात्रा 24 अप्रैल की सुबह श्रीनगर के लाल चौक से शुरू हुई और 26 अप्रैल को दिल्ली के लाल किले पर समाप्त हुई।
भारतीय सेना की 11 ‘मैकेनाइज्ड यूनिट’ (कपूरथला) में तैनात बलवीर ने बताया कि उन्होंने यह उपलब्धि अपने दल के सदस्य सुख सागर, हिमांशु, राहुल और रमेश्वर के सहयोग से हासिल की।
उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि को ‘इंटरनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड्स’ में दर्ज कराने की तैयारी चल रही है। उन्होंने बताया, “एक एप्लिकेशन के माध्यम से दर्ज किए गए डेटा को सत्यापन के लिए प्रस्तुत किया जाएगा।”
बलवीर ने कहा, “यह यात्रा सहनशक्ति, अनुशासन और दृढ़ संकल्प की परीक्षा थी। यह एकल यात्रा थी। मैंने 24 अप्रैल को सुबह छह बजे श्रीनगर के लाल चौक से शुरुआत की और 26 अप्रैल सुबह दिल्ली पहुंचा। इस दौरान कुल 859 किलोमीटर की दूरी तय की।”
बीकानेर के नोखा निवासी बलवीर ने बताया कि रास्ते में कुछ स्थानों पर आराम और भोजन के लिए वह रुके और यात्रा में पहाड़ी इलाकों के साथ-साथ मैदानी क्षेत्रों को भी पार किया।
उन्होंने कहा, “मार्ग का निर्धारण इंटरनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड्स ने किया गया था और दर्ज डेटा अब आधिकारिक मान्यता के लिए प्रस्तुत किया जाएगा।”
भाषा बाकोलिया राजकुमार
राजकुमार