पुणे, 26 अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र में पुणे के एक प्रतिष्ठित विधि कॉलेज के पांच छात्रों के खिलाफ जूनियर छात्र की रैगिंग के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
शिकायतकर्ता द्वारा कॉलेज अधिकारियों से पहली बार संपर्क करने के एक वर्ष से अधिक समय बाद, महाराष्ट्र रैगिंग निषेध अधिनियम के तहत 25 अप्रैल को दक्कन पुलिस थाने में आरोपी छात्रों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।
हालांकि कॉलेज ने शुरू में मामले की जांच की, लेकिन शिकायतकर्ता संतुष्ट नहीं हुआ। प्राथमिकी के अनुसार, उसने विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के रैगिंग विरोधी तंत्र के माध्यम से मामले को आगे बढ़ाया।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि उनके समक्ष प्रस्तुत तथ्यों का संज्ञान लेने के बाद मामला दर्ज किया गया है।
उन्होंने कहा, “जांच जारी है और उचित कानूनी प्रक्रिया का पालन किया जाएगा। जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।”
प्राथमिकी के अनुसार, परिसर में धूम्रपान करने पर आपत्ति जताने के बाद उत्पीड़न शुरू हुआ था।
भाषा
देवेंद्र धीरज
धीरज