राजस्थान पुलिस ने मादक पदार्थ बनाने वाली फैक्टरी का भंडाफोड़ किया, छह गिरफ्तार

Ads

राजस्थान पुलिस ने मादक पदार्थ बनाने वाली फैक्टरी का भंडाफोड़ किया, छह गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - April 26, 2026 / 10:44 PM IST,
    Updated On - April 26, 2026 / 10:44 PM IST

जोधपुर, 26 अप्रैल (भाषा) राजस्थान पुलिस की एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने जोधपुर में एमडी नामक मादक पदार्थ बनाने की अवैध फैक्टरी का भंडाफोड़ किया है। उसने गोलीबारी के बाद छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

एएनटीएफ के महानिरीक्षक विकास कुमार ने बताया कि मौके से एमडी नामक मादक पदार्थ बनाने में इस्तेमाल करीब 176.63 किलोग्राम सामग्री और रसायन बरामद किए गए, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 90 करोड़ रुपये है।

उन्होंने बताया कि एएनटीएफ द्वारा जब्त की गई इस प्रकार की सामग्री की यह अब तक की सबसे बड़ी खेप है।

कुमार ने बताया कि फैक्टरी लूनावपुरा गांव के एक खेत से संचालित की जा रही थी।

उन्होंने बताया कि एएनटीएफ की टीम ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर घटनास्थल पर पहुंची और तड़के करीब 3:30 बजे छापा मारा।

अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों ने भागने की कोशिश में गोलीबारी की, जिसके परिणामस्वरूप संक्षिप्त मुठभेड़ हुई।

उन्होंने बताया कि एक संदिग्ध को पैर में गोली लगी, जबकि भागने के एक क्रम में एक अन्य आरोपी का पैर टूट गया।

महानिरीक्षक ने बताया कि एएनटीएफ ने हापूराम, बुधराम, नरेश,नरेंद्र, अजाराम और श्रवण को गिरफ्तार किया है। इनमें अजाराम बालेसर का निवासी है। अन्य सभी बाड़मेर जिले के है।

अधिकारियों ने बताया कि छापेमारी के दौरान फरार हुए अन्य संदिग्धों को पकड़ने के प्रयास जारी हैं।

उन्होंने बताया कि गोलीबारी में कोई पुलिसकर्मी घायल नहीं हुआ, जबकि दो आरोपियों को कार्रवाई के दौरान गिरने से पैर में चोटें आईं।

उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ कि यह इकाई एक व्यापक अंतरराज्यीय मादक पदार्थों के नेटवर्क का हिस्सा हो सकती है, और गिरफ्तार व्यक्तियों से आगे की पूछताछ से इस पूरे कारोबार और संभावित राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय संबंधों का खुलासा होने की उम्मीद है।

भाषा बाकोलिया

धीरज

धीरज