अंबुमणि रामदास पीएमके की आम परिषद की बैठक में पार्टी अध्यक्ष चुने गए
अंबुमणि रामदास पीएमके की आम परिषद की बैठक में पार्टी अध्यक्ष चुने गए
चेन्नई, 29 जुलाई (भाषा) पट्टाली मक्कल काची (पीएमके) की बुधवार को चेन्नई में आयोजित आम परिषद की बैठक में अंबुमणि रामदास को सर्वसम्मति से पार्टी का अध्यक्ष चुना गया।
चेन्नई के ममल्लापुरम में अंबुमणि की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में यह फैसला किया गया।
पार्टी की एक विज्ञप्ति में बताया गया कि एस. वदिवेल रावनन और एम. तिलागाबामा को क्रमशः पार्टी का महासचिव और कोषाध्यक्ष चुना गया।
यह बैठक पार्टी के संस्थापक एस. रामदास के सक्रिय राजनीति से संन्यास लेने के बाद हुई है और यह फैसला उनके एवं अंबुमणि के बीच मतभेद सुलझने के बाद लिया गया था।
आम परिषद ने पार्टी को मजबूत करने के लिए अंबुमणि की पहलों को पूरा समर्थन देने का संकल्प लिया।
बैठक में कुल 31 प्रस्ताव पारित हुए जिनमें पार्टी ने मुख्य रूप से तमिलनाडु को राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) से छूट दिलाने के मुद्दे पर ध्यान केंद्रित किया।
पीएमके ने यह भी मांग की कि राज्य विधानसभा छूट संबंधी कानून को फिर से पारित करे और उसे केंद्र सरकार को भेजे।
प्रस्ताव में कहा गया है कि पार्टी ने तमिलनाडु की सभी राजनीतिक पार्टियों से आग्रह किया कि वे इस विधेयक के लिए राष्ट्रपति की मंजूरी हासिल करने के लिए एकजुट हों।
मेकेदातु विवाद पर आम परिषद ने तमिलनाडु सरकार से मेकेदातु बांध की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने के लिए 2018 में दी गई अनुमति को रद्द करने के संबंध में एक स्थायी समाधान तलाशने की अपील की।
भाषा
सुरभि पवनेश
पवनेश

Facebook


