श्री विजयपुरम, 15 फरवरी (भाषा) अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में प्रस्तावित डीम्ड विश्वविद्यालय की स्थापना और सात सरकारी कॉलेजों को उससे संबद्ध किए जाने के विरोध में सोमवार को 14 घंटे का बंद बुलाया गया है। आयोजकों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
वर्तमान में यह कॉलेज पांडिचेरी विश्वविद्यालय से संबद्ध हैं।
यह बंद सुबह छह बजे से रात आठ बजे तक प्रस्तावित है। इसे ‘जॉइंट एक्शन फोरम अगेंस्ट डीम्ड यूनिवर्सिटी’ ने बुलाया है, जिसमें टूर एवं ट्रैवेल एसोसिएशन, होटल व व्यापारिक संगठन, दुकानदारों के समूह, परिवहन यूनियन, गैर-सरकारी संगठन और भाजपा को छोड़कर कई राजनीतिक दल समेत 100 से अधिक संगठन शामिल हैं।
इस बीच, दक्षिण अंडमान की पुलिस अधीक्षक श्वेता के. सुगाथन ने कहा कि बंद के संबंध में संयुक्त एक्शन फोरम द्वारा दिया गया सूचना पत्र खारिज कर दिया गया है और किसी भी गैरकानूनी गतिविधि पर कार्रवाई की जाएगी।
दक्षिण अंडमान की जिला मजिस्ट्रेट पूर्वा गर्ग ने जिले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी है।
हालांकि, फोरम ने कहा कि बंद शांतिपूर्ण और स्वैच्छिक होगा तथा किसी प्रकार की जबरदस्ती नहीं की जाएगी।
वहीं, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने एक बयान में प्रस्तावित डीम्ड विश्वविद्यालय का समर्थन करते हुए कहा कि इससे द्वीपों में उच्च शिक्षा के अवसर मजबूत होंगे।
भाषा
राखी दिलीप
दिलीप