अंडमान: हेलीकॉप्टर को आपात स्थिति में समुद्र में उतारा गया, पायलट सहित सभी यात्री सुरक्षित

Ads

अंडमान: हेलीकॉप्टर को आपात स्थिति में समुद्र में उतारा गया, पायलट सहित सभी यात्री सुरक्षित

  •  
  • Publish Date - February 24, 2026 / 07:40 PM IST,
    Updated On - February 24, 2026 / 07:40 PM IST

श्री विजयपुरम, 24 फरवरी (भाषा) उत्तरी और मध्य अंडमान जिले के रंगत से उड़ान भरने के बाद पवनहंस के एक हेलीकॉप्टर को मंगलवार सुबह आपात स्थिति में समुद्र में उतारना पड़ा और उसमें सवार चालक दल के दो सदस्यों सहित सभी सात लोगों को बचा लिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि यात्रा कार्यक्रम के अनुसार हेलीकॉप्टर को अंडमान निकोबार द्वीप समूह में मायाबंदर हेलीपैड पर उतरना था, लेकिन उसे वहां से 300 मीटर की दूरी पर समुद्र में उतारना पड़ा।

अधिकारियों ने बताया कि हेलीकॉप्टर के उत्तरी और मध्य अंडमान जिले के रंगत से उड़ान भरने के बाद, सुबह करीब साढ़े नौ बजे यह घटना हुई।

एक अधिकारी ने बताया कि बीच समुद्र से बचाए गए पांचों यात्रियों और चालक दल के दोनों सदस्यों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

नागर विमानन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि हेलीकॉप्टर को सुबह करीब 9:30 बजे समुद्र में उतारना पड़ा। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि कुछ तकनीकी खराबी थी, जिसके कारण पायलट ने आपात स्थिति में हेलीकॉप्टर को समुद्र में उतारा।

उन्होंने बताया कि घटना की जांच शुरू कर दी गई है।

केंद्रीय सार्वजनिक उपक्रम पवन हंस लिमिटेड ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘24 फरवरी 2026 को, पीएचएल डॉफिन एन3 हेलीकॉप्टर (वीटी पीएचवाई) ने श्री विजयपुरम (पोर्ट ब्लेयर) से सुबह लगभग 8.30 बजे रंगत और उसके आगे मायाबंदर के लिए उड़ान भरी थी।’’

इसमें कहा गया है, ‘‘हेलीकॉप्टर सुबह करीब 9:05 बजे रंगत हेलीपैड पर उतरा। इसके बाद, इसने सुबह करीब 9:10 बजे रंगत से मायाबंदर के लिए उड़ान भरी। हेलीकॉप्टर को मायाबंदर हेलीपैड से लगभग 300 मीटर पहले, आपात स्थिति में सुबह करीब 9:30 बजे समुद्र (उथले जल) में उतारना पड़ा।’’

पोस्ट में कहा गया है कि हेलीकॉप्टर पर पांच यात्री और चालक दल के दो सदस्य सवार थे।

हेलीकॉप्टर संचालक ने कहा, ‘‘सभी यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को बचा लिया गया है। पवन हंस लिमिटेड सभी संबंधित एजेंसियों के साथ तत्परता से समन्वय कर रहा है।’’

नागर विमानन निदेशक नितेश रावत ने कहा, ‘‘हमने अब तक पायलट का बयान नहीं लिया है। सभी घायलों का इलाज मायाबंदर के डॉ. राजेंद्र प्रसाद अस्पताल में हो रहा है। हम घायलों को श्री विजयपुरम लाने की कोशिश कर रहे हैं।’’

उत्तर और मध्य अंडमान के उपायुक्त सुशांत पाढ़ा ने बताया कि बचाव दल, पुलिस, वन विभाग के कर्मियों और तटरक्षक बल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी सात लोगों को बचा लिया।

उन्होंने बताया, ‘‘हेलीकॉप्टर में सवार लोगों की पहचान रजिता देवी, कमला चंद्र दास, शिप्रा साहा, नम्बी अम्मा और दो पायलट — कैप्टन अनिल जानू और कैप्टन टीपीएस गुलिया के रूप में हुई है। एक बच्चे की पहचान अभी नहीं हुई है। वे सभी सकुशल हैं।’’

अंडमान निकोबार द्वीप समूह के पुलिस महानिदेशक हरगोबिंदर सिंह धालीवाल ने पुलिस मरीन फोर्स की त्वरित कार्रवाई और बीच समुद्र से सभी यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को बचाने के लिए उनकी सराहना की।

उन्होंने कहा, ‘‘हम जमीनी हालात का आकलन कर रहे हैं और हमारी प्राथमिकता घायलों को सहायता उपलब्ध कराना है।’’

भाषा सुभाष रंजन

रंजन