अमरावती। Andhra Child Birth Scheme: आंध्र प्रदेश सरकार ने जनसंख्या प्रोत्साहन को लेकर बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने शनिवार को घोषणा करते हुए कहा कि राज्य में तीसरे बच्चे के जन्म पर परिवार को 30 हजार रुपये और चौथे बच्चे के जन्म पर 40 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने यह ऐलान श्रीकाकुलम जिले के नरसन्नापेटा में आयोजित ‘स्वर्ण आंध्र-स्वच्छ आंध्र’ कार्यक्रम के दौरान किया। जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार जल्द ही इस योजना को लागू करेगी और इससे जुड़ी विस्तृत जानकारी अगले एक महीने में जारी की जाएगी।
Andhra Child Birth Scheme: नायडू ने कहा कि सरकार ने जनसंख्या संतुलन और परिवारों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया है। उन्होंने मंच से कहा कि तीसरे बच्चे के जन्म पर 30 हजार रुपये और चौथे बच्चे पर 40 हजार रुपये तुरंत दिए जाएंगे। इससे पहले मार्च 2025 में राज्य सरकार दूसरे बच्चे के जन्म पर 25 हजार रुपये देने की योजना पर विचार कर रही थी। बाद में सरकार ने अपने प्रस्ताव में बदलाव करते हुए तीसरे और चौथे बच्चे पर आर्थिक सहायता देने का फैसला किया। सरकार के इस फैसले को सामाजिक और जनसंख्या नीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब लोगों की नजर इस योजना की आधिकारिक गाइडलाइन और लागू होने की तारीख पर टिकी हुई है।
मुख्यमंत्री नायडू का कहना है कि आंध्र प्रदेश में बच्चे पैदा करने की दर लगातार गिर रही है। दुनिया भर में यह माना जाता है कि किसी भी राज्य या देश की आबादी तब स्थिर रहती है जब हर महिला औसतन 2।1 बच्चों को जन्म दे। मुख्यमंत्री नायडू ने चेताया कि अगर यह दर और नीचे गिरी तो राज्य की अर्थव्यवस्था पर बुरा असर पड़ेगा। उन्होंने यह भी बताया कि आज कई जोड़े सिर्फ एक बच्चा रखना चाहते हैं क्योंकि उनकी कमाई बढ़ गई है और वे सोचते हैं कि एक बच्चा ही काफी है। कुछ लोग दूसरा बच्चा तभी करते हैं जब पहला बेटा न हो। इस सोच की वजह से आबादी बढ़ नहीं रही।
मुख्यमंत्री नायडू ने कहा कि बहुत से लोग सोचते हैं कि बच्चे बोझ होते हैं, लेकिन यह गलत सोच है। बच्चे दरअसल एक ‘संपत्ति’ हैं, यानी देश और परिवार दोनों के लिए फायदेमंद हैं। नायडू ने कहा कि वे यह साबित करके दिखाएंगे।