विशाखापत्तनम, 10 अप्रैल (भाषा) आंध्र प्रदेश सरकार ने पश्चिम एशिया संघर्ष से प्रभावित विदेशी विद्यार्थियों के प्रति सहानुभूति जताते हुए यहां पढ़ रहीं दो ईरानी छात्राओं को एक लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की है।
विशाखापत्तनम जिले के कलेक्टर एम. अभिषिक्त किशोर ने आंध्र विश्वविद्यालय में फार्मेसी की पढ़ाई कर रहीं ज़ीनब और सोलमाज को एक लाख रुपये सौंपे।
बृहस्पतिवार को यहां देर रात जारी एक आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया, ‘‘किशोर ने अमेरिका-ईरान युद्ध के कारण उत्पन्न कठिनाइयों का हवाला देते हुए वित्तीय सहायता मांगने वाली ईरान निवासी बहनों को एक लाख रुपये दिए।’’
इस एक लाख रुपये में से 50,000 रुपये जिला संजीवनी निधि से और शेष 50,000 रुपये कनकमहालक्ष्मी देवस्थानम से दिए गए।
प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि उन्होंने बुधवार को जिला राजस्व अधिकारी से मुलाकात की थी और मदद की गुहार लगाई थी।
भाषा यासिर दिलीप
दिलीप