किसान घाट पर प्रदर्शन के कारण वाहनों के मार्ग परिवर्तन की घोषणा

किसान घाट पर प्रदर्शन के कारण वाहनों के मार्ग परिवर्तन की घोषणा

किसान घाट पर प्रदर्शन के कारण वाहनों के मार्ग परिवर्तन की घोषणा
Modified Date: July 21, 2026 / 09:37 am IST
Published Date: July 21, 2026 9:37 am IST

नयी दिल्ली, 21 जुलाई (भाषा) दिल्ली यातायात पुलिस ने मंगलवार को किसान घाट पर सुबह साढ़े आठ बजे से होने वाले प्रदर्शन के मद्देनजर परामर्श जारी किया। परामर्श में यात्रियों को कई अहम रास्तों पर संभावित मार्ग परिवर्तन और यातायात जाम के बारे में जानकारी दी गई है।

परामर्श के मुताबिक, यातायात प्रबंधन को सुचारू बनाए रखने और जनसुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यकता पड़ने पर वाहनों का मार्ग परिवर्तित किया जा सकता है।

यातायात पुलिस ने बताया कि दिल्ली गेट, राजघाट क्रॉसिंग, गुरु नानक चौक, शांतिवन चौक, राजघाट डीटीसी डिपो और आईपी फ्लाईओवर से वाहनों के मार्ग परिवर्तित किए जाने की संभावना है।

वाहन चालकों को सत्याग्रह मार्ग, वेलोड्रोम रोड, राजघाट डीटीसी डिपो रोड, राजघाट डीटीसी बाईपास रोड और आस-पास के रास्तों से बचने की सलाह दी गई है क्योंकि वहां लोगों के जमा होने की वजह से यातायात पर असर पड़ सकता है।

यातायात पुलिस ने हवाई अड्डा, रेलवे स्टेशनों और आस-पास के इलाकों में जाने वाले लोगों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बना लें और वास्तविक समय में यातायात की जानकारी के लिए ‘नेविगेशन ऐप’ का इस्तेमाल करें।

लोगों को सलाह दी गई है कि वे मौके पर तैनात यातायात कर्मियों के निर्देशों का पालन करें, गाड़ियां सिर्फ तय जगहों पर ही खड़ी करें और सड़क के किनारे वाहन खड़ा करने से बचें।

परामर्श में कहा गया है कि पाबंदियों के दौरान आने-जाने वालों को परेशानी हो सकती है। साथ ही, लोगों से अपील की गई है कि वे राष्ट्रीय राजधानी में निर्बाध आवाजाही के लिए यातायात कर्मियों का सहयोग करें और यातायात नियमों का पालन करें।

भाषा सुरभि शफीक

शफीक


लेखक के बारे में