वायनाड में भूस्खलन स्थल से एक और शव बरामद; मृतकों की संख्या बढ़कर चार हुई

वायनाड में भूस्खलन स्थल से एक और शव बरामद; मृतकों की संख्या बढ़कर चार हुई

वायनाड में भूस्खलन स्थल से एक और शव बरामद; मृतकों की संख्या बढ़कर चार हुई
Modified Date: July 9, 2026 / 10:19 am IST
Published Date: July 9, 2026 10:19 am IST

वायनाड (केरल), नौ जुलाई (भाषा) केरल के मंत्री ए.पी. अनिलकुमार ने बताया कि वायनाड में जिस स्थान पर भूस्खलन हुआ वहां से एक और शव बरामद होने से इस आपदा में मरने वालों की संख्या बढ़कर चार हो गई है।

मंत्री ने यहां पत्रकारों को बताया कि जिस स्थान पर बचाव अभियान चलाया जा रहा है वहां जोन एक से सुबह शव बरामद किया गया।

उन्होंने कहा, ‘‘इलाके के जोन एक और दो में तलाशी अभियान चलाया जाएगा। नदी के पास भी तलाशी अभियान पर ध्यान दिया जाएगा।’’

वायनाड और कोझिकोड जिलों को जोड़ने वाले अनाक्कोम्पोयिल-मेप्पाडी सुरंग परियोजना वाली जगह पर सात जुलाई को भूस्खलन हुआ था।

वर्तमान में इस घटना में चार लोग लापता हैं।

मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन ने बुधवार को कहा था कि खोज एवं बचाव अभियान को प्राथमिकता दी जाएगी।

उन्होंने यह भी बताया था कि घटना में घायल 10 लोगों में से तीन को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, चार अब भी अस्पताल में हैं लेकिन उनकी हालत स्थिर है और तीन अन्य गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में हैं, जिनमें से दो की हालत गंभीर है।

भाषा सुरभि रंजन

रंजन


लेखक के बारे में