बंगाल, केरल, तमिलनाडु की ‘विकास विरोधी’ सरकारें रेलवे परियोजनाओं को पूरा नहीं होने दे रहीं: वैष्णव

Ads

बंगाल, केरल, तमिलनाडु की ‘विकास विरोधी’ सरकारें रेलवे परियोजनाओं को पूरा नहीं होने दे रहीं: वैष्णव

  •  
  • Publish Date - March 17, 2026 / 08:26 PM IST,
    Updated On - March 17, 2026 / 08:26 PM IST

नयी दिल्ली, 17 मार्च (भाषा) रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने तीन चुनावी राज्यों पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और केरल के सत्तारूढ़ दलों को मंगलवार को ‘‘विकास विरोधी’’ करार देते हुए कहा कि इन्होंने इन प्रदेशों में रेलवे परियोजनाओं को अवरुद्ध कर रखा है।

इन तीनों प्रदेशों तथा असम और पुडुचेरी में अगले महीने विधानसभा चुनाव होना है।

वैष्णव ने रेल मंत्रालय के नियंत्रणाधीन अनुदान मांगों पर चर्चा का जवाब देते हुए कहा कि इन ‘‘विकास विरोधी’’ सरकारों को जनता उखाड़ फेंकेगी।

उन्होंने केरल का उल्लेख करते हुए कहा, ‘‘कांग्रेस और वाम दल केरल को विकास से दूर रखते हैं और फिर कहते हैं कि परियोजनाएं पूरी नहीं हो रही हैं।’’

रेल मंत्री ने कहा कि तमिलनाडु में भी यही स्थिति है।

उन्होंने कहा, ‘‘रेलवे परियोजनाओं के लिए तमिलनाडु में 4,326 हेक्टेयर की जरूरत है, जिसमें 24 प्रतिशत जमीन अधिग्रहित की गई हैं। रेलवे परियोजनाओं का काम तभी पूरा हो सकता है जब राज्य सरकार जमीन अधिग्रहित करके दे।’’

वैष्णव ने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल की विकास विरोधी सरकार ने राज्य के साथ बड़ा अन्याय किया है।

उन्होंने कहा, ‘‘60 ऐसी रेलवे परियोजनाएं हैं जिन्हें विकास विरोधी सरकार ने रोक रखा है और उनके लिए जमीन नहीं दे रही।’’

भाषा

हक हक सुभाष

सुभाष