अनुराग कश्यप ने सिनेमाघरों में हॉलीवुड के बजाय भारतीय फिल्मों को प्राथमिकता देने का आग्रह किया

Ads

अनुराग कश्यप ने सिनेमाघरों में हॉलीवुड के बजाय भारतीय फिल्मों को प्राथमिकता देने का आग्रह किया

  •  
  • Publish Date - June 14, 2026 / 04:19 PM IST,
    Updated On - June 14, 2026 / 04:19 PM IST

नयी दिल्ली, 14 जून (भाषा) फिल्मकार अनुराग कश्यप ने हाल में रिलीज हुई हॉलीवुड फिल्म ‘ऑब्सेशन’ को अधिक शो दिए जाने को लेकर सिनेमाघरों की आलोचना करते हुए कहा कि भारतीय फिल्मों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

कश्यप ने शनिवार को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक पोस्ट साझा की। उन्होंने कहा कि पिछले सप्ताह उनकी निर्देशित फिल्म ‘बंदर’ को पर्याप्त शो नहीं मिले। उन्होंने कहा कि वहीं अब इम्तियाज अली की ‘मैं वापस आऊंगा’, सिंगीतम श्रीनिवास राव की ‘सिंग गीतम’ और मनोज बाजपेयी अभिनीत ‘गवर्नर’ जैसी फिल्मों को भी सीमित शो दिए जा रहे हैं।

उन्होंने लिखा, ‘‘मैं पूरी तरह समझता हूं कि हर कोई ‘ऑब्सेशन’ देखना चाहता है, लेकिन यह फिल्म कम शो के साथ भी लंबे समय तक चल सकती है। अगर हम अपनी फिल्मों को बेहतर प्रदर्शन और पर्याप्त स्क्रीन उपलब्ध कराकर प्राथमिकता नहीं देंगे, तो मुझे समझ नहीं आता कि हम आगे कैसे बढ़ेंगे।’’

कश्यप ने कहा कि भारतीय फिल्मों को पर्याप्त शो नहीं मिल रहे हैं, जबकि ‘ऑब्सेशन’ को कई स्लॉट दिए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘पिछले सप्ताह ‘बंदर’ के साथ यही हुआ था और इस सप्ताह ‘मैं वापस आऊंगा’, ‘सिंग गीतम’ और ‘गवर्नर’ के साथ भी ऐसा ही हो रहा है, जबकि ‘ऑब्सेशन’ के छह-सात शो चल रहे हैं।’’

करी बार्कर द्वारा निर्देशित फिल्म ‘ऑब्सेशन’ में माइकल जॉनस्टन और इंडे नवारेटे ने मुख्य भूमिकाएं निभाई हैं।

इस फिल्म ने वैश्विक बॉक्स ऑफिस पर 20 करोड़ अमेरिकी डॉलर से अधिक की कमाई की है। भारत में इसका बॉक्स ऑफिस संग्रह 60 करोड़ रुपये से अधिक रहा है।

भाषा राखी अमित

अमित