नयी दिल्ली, 22 जुलाई (भाषा) कांग्रेस ने बुधवार को सरकार को चेतावनी दी कि जंतर-मंतर पर युवाओं के विरोध-प्रदर्शन को दबाने की कोई भी कोशिश ‘बेहद विनाशकारी’ साबित होगी और जनता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को ‘ऐतिहासिक सजा’ देगी।
कांग्रेस महासचिव (संगठन)के.सी. वेणुगोपाल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में दावा किया कि जंतर-मंतर के आसपास इंटरनेट सेवा ‘बंद’ कर दी गई है, जिससे अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो रहा है।
उन्होंने कहा, ‘‘यह अभिव्यक्ति की आजादी पर सीधा हमला है, जिसका मकसद भारत के युवाओं की आवाज को दबाना और दिल्ली पुलिस की बर्बरता को छिपाना है।’’
वेणुगोपाल ने कहा, ‘‘माननीय मोदीजी सावधान हो जाइए – युवाओं के इस विरोध-प्रदर्शन को दबाने के लिए कोई भी गलत कदम बहुत विनाशकारी साबित होगा और जनता आपको ऐतिहासिक सजा देगी।’’
कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के नेतृत्व में छात्र 20 जून से जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। वे शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग कर रहे हैं। उनके साथ कार्यकर्ता और शिक्षाविद सोनम वांगचुक भी शामिल हुए, जिन्हें जबरन वहां से हटाकर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
भाषा धीरज रंजन
रंजन