गंगटोक, 22 जुलाई (भाषा) सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट (एसडीएफ) के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री पवन चामलिंग ने बुधवार को कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के ‘चलो संसद’ मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों पर पुलिस कार्रवाई की निंदा करते हुए केंद्र सरकार से बल प्रयोग के बजाय छात्रों से बातचीत करने की अपील की।
चामलिंग ने कहा कि नीट प्रश्नपत्र लीक को लेकर छात्रों की चिंताएं वास्तविक हैं और उन्हें गंभीरता से सुना जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को छात्रों की आवाज दबाने के बजाय उनसे सार्थक संवाद करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि मानसून सत्र के पहले दिन संसद के निकट प्रदर्शन के दौरान लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले छोड़े गए, जिसमें 50 से अधिक पुलिसकर्मी और प्रदर्शनकारी घायल हुए तथा करीब 100 लोगों को हिरासत में लिया गया।
पूर्व मुख्यमंत्री ने दावा किया कि हालिया नीट प्रश्नपत्र लीक विवाद से सिक्किम के करीब 1,100 छात्र प्रभावित हुए हैं।
उन्होंने राज्य सरकार की भी आलोचना की और आरोप लगाया कि छात्रों के भविष्य से जुड़े इस मुद्दे पर उसने कोई सार्थक कदम नहीं उठाया।
भाषा
राखी रंजन
रंजन