अमृतसर में हथियार तस्करी की कोशिश नाकाम; मशीन गन जब्त

Ads

अमृतसर में हथियार तस्करी की कोशिश नाकाम; मशीन गन जब्त

  •  
  • Publish Date - March 29, 2026 / 09:24 PM IST,
    Updated On - March 29, 2026 / 09:24 PM IST

चंडीगढ़, 29 मार्च (भाषा) पंजाब पुलिस ने अमृतसर में हथियारों की तस्करी के एक प्रयास को विफल कर दिया है और नौ मिमी की दो ‘सब-मशीन गन’ बरामद की हैं। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने रविवार को यह जानकारी दी।

डीजीपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह खेप कुख्यात गैंगस्टर गुरप्रीत सिंह उर्फ ​​गोल्डी ढिल्लों से जुड़ी है, जो कथित तौर पर राज्य में राष्ट्रविरोधी और आपराधिक गतिविधियों के लिए हथियार सप्लाई करने वाले नेटवर्क का संचालन करता है।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, फरार आरोपियों की पहचान करने और पूरे नेटवर्क को खत्म करने के लिए आगे की जांच जारी है।

डीजीपी ने बताया कि यह अभियान अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस द्वारा चलाया गया था।

अमृतसर के पुलिस आयुक्त गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने कहा कि विशिष्ट खुफिया जानकारी के आधार पर, पुलिस टीमों ने छेहरटा इलाके में एक चेकप्वॉइंट स्थापित किया और मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात व्यक्तियों को रोकने की कोशिश की।

भुल्लर ने बताया कि पुलिस को देखते ही संदिग्ध घबरा गए और भागने लगे। उनके अनुसार, भागते समय वे हथियार से भरा एक बैग वहीं छोड़ गए।

उन्होंने बताया कि बैग की तलाशी लेने पर उसमें से अवैध हथियार और एक खाली मैगज़ीन बरामद हुई।

भुल्लर ने कहा कि गोल्डी ढिल्लों हत्या, डकैती, हत्या का प्रयास, अपहरण, दंगा, जबरन वसूली और अवैध हथियार आपूर्ति सहित कई गंभीर अपराधों में शामिल है।

पुलिस ने छेहरटा पुलिस थाने में शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर ढिल्लों और उसके साथियों सहित आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।

भाषा तान्या सुरेश

सुरेश