सेना प्रमुख ने पेंटागन दौरे के दौरान भारत-अमेरिका सैन्य संबंधों को और मजबूत करने पर चर्चा की

Ads

सेना प्रमुख ने पेंटागन दौरे के दौरान भारत-अमेरिका सैन्य संबंधों को और मजबूत करने पर चर्चा की

  •  
  • Publish Date - April 29, 2026 / 07:05 PM IST,
    Updated On - April 29, 2026 / 07:05 PM IST

नयी दिल्ली, 29 अप्रैल (भाषा) थलसेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने हाल में अमेरिकी रक्षा विभाग के मुख्यालय पेंटागन का दौरा किया और रक्षा सहयोग को मजबूत करने एवं क्षमता विकास तथा संयुक्त अभियानों में सहयोग के नए रास्ते तलाशने के उद्देश्य से वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों के साथ चर्चा की।

जनरल द्विवेदी 20 से 23 अप्रैल तक अमेरिका की आधिकारिक यात्रा पर थे।

इस संबंध में एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘भारत-अमेरिका सैन्य संबंधों को महत्वपूर्ण बढ़ावा देते हुए, जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने 23 अप्रैल को पेंटागन का दौरा किया, जिससे दोनों सेनाओं के बीच रणनीतिक सहयोग को मजबूती मिलेगी।’’

अधिकारियों ने बताया कि यह दौरा पेंटागन में महत्वपूर्ण कार्यक्रमों पर केंद्रित था, जहां जनरल द्विवेदी ने अमेरिकी सेना के सचिव डैनियल पी ड्रिस्कॉल के साथ बातचीत की और अमेरिकी सेना के कार्यवाहक प्रमुख जनरल क्रिस्टोफर लानेव से भी मुलाकात की।

वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘चर्चा में द्विपक्षीय रक्षा सहयोग का विस्तार करने, सैन्य संबंधों को बढ़ाने और प्रशिक्षण, क्षमता विकास और संयुक्त अभियानों में सहयोग के नए रास्ते तलाशने पर ध्यान केंद्रित किया गया।’’

दोनों पक्षों ने उभरती सुरक्षा चुनौतियों से निपटने में संयुक्तता के महत्व पर जोर दिया।

अधिकारियों ने बताया कि जनरल द्विवेदी ने अमेरिकी रक्षा नीति के अवर सचिव एलब्रिज कोल्बी और नेशनल गार्ड ब्यूरो के प्रमुख जनरल स्टीवन एस नॉर्डहॉस से भी बातचीत की।

भाषा नेत्रपाल पवनेश

पवनेश