राजौरी/जम्मू,10 मई (भाषा) भारतीय सेना ने रविवार को जम्मू-कश्मीर के राजौरी में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की पहली बरसी के मौके पर एक कार्यक्रम आयोजित किया जिसमें
कार्यक्रम में पिछले वर्ष सैन्य कार्रवाई के दौरान सीमा पार गोलाबारी में जान गंवाने वाले सैनिकों और नागरिकों को श्रद्धांजलि दी गई।
रक्षा विभाग के एक जन संपर्क अधिकारी ने बताया कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के नायकों को श्रद्धांजलि देने के लिए गुर्जर मंडी चौक पर स्थापित युद्ध स्मारक पर आयोजित इस कार्यक्रम में सेना के वरिष्ठ अधिकारी, पुलिस अधिकारी, स्थानीय लोग और छात्र शामिल हुए।
सेना की ‘ऐस ऑफ स्पेड्स’ डिवीजन के जनरल ऑफिसर कमांडिंग मेजर जनरल कौशिक मुखर्जी ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके साहस, बलिदान और राष्ट्र के प्रति समर्पण की सराहना की।
अधिकारी ने बताया कि राजौरी के तत्कालीन अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) राज कुमार थापा और चार सैन्यकर्मियों सूबेदार मेजर पवन सिंह, हवलदार सुनील सिंह, लांस नायक दिनेश सिंह और अग्निवीर मुरली नायक सहित शहीद हुए नायकों को पुष्पांजलि अर्पित की गई।
सैन्यकर्मियों और विद्यार्थियों के नेतृत्व में एक ‘मशाल’ रैली राजौरी के उन विभिन्न हिस्सों से गुजरी, जहां 10 मई, 2025 को भारी गोलाबारी हुई थी।
पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में भारत ने पिछले साल सात मई को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ शुरू किया, जिसके तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में नौ आतंकी ठिकानों पर हवाई हमले किए गए।
इन हवाई हमलों में कम से कम 100 आतंकवादी मारे गए थे।
भाषा जितेंद्र संतोष
संतोष