नयी दिल्ली, 10 मई (भाषा) भाजपा के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार राष्ट्रीय राजधानी में पात्र और जरूरतमंद महिलाओं को 2500 रुपये प्रति माह प्रदान करने वाली ‘महिला समृद्धि योजना’ के लिए पंजीकरण जून से शुरू कर सकती है। आधिकारिक सूत्रों ने रविवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि इस योजना के लिए एक पंजीकरण पोर्टल तैयार कर लिया गया है और यह जून के पहले सप्ताह से काम करना शुरू कर देगा। यह योजना 2025 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के चुनावी वादों में से एक है।
सूत्रों के अनुसार, सरकार इस योजना को ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ के नए नाम से शुरू कर सकती है जिससे आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों की लगभग 17 लाख महिलाओं को लाभ मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मार्च में 2026-27 के लिए वार्षिक बजट पेश करते हुए इस योजना के लिए 5,100 करोड़ रुपये आवंटित किए थे।
गुप्ता ने बार-बार आश्वासन दिया था कि वह इस योजना को एक पुख्ता योजना के साथ शुरू करेंगी ताकि योजना का अधिकतम लाभ उठाया जा सके।
भाषा
सुरभि संतोष
संतोष