सेना ने जम्मू-कश्मीर में शहीद हुए सैनिक को श्रद्धांजलि दी

Ads

सेना ने जम्मू-कश्मीर में शहीद हुए सैनिक को श्रद्धांजलि दी

  •  
  • Publish Date - October 28, 2022 / 04:13 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:23 PM IST

श्रीनगर, 28 अक्टूबर (भाषा) सेना ने जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में आतंकवादियों से हुई मुठभेड़ में शहीद हुए राइफलमैन कुलभूषण मानता को शुक्रवार को श्रद्धांजलि दी।

एक रक्षा प्रवक्ता ने यहां कहा, “चिनार कोर के जीओसी लेफ्टिनेंट जनरल एडीएस औजला ने 27 अक्टूबर को वाशरान गांव में भारतीय सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस के संयुक्त घेराबंदी व तलाशी अभियान में सर्वोच्च बलिदान देने वाले राइफलमैन कुलभूषण मानता को आज सभी सैनिकों की तरफ से भावभीनी श्रद्धांजलि दी।”

बुधवार को शुरू हुए आतंकवाद रोधी अभियान के दौरान एक आतंकवादी को जिंदा पकड़ लिया गया।

प्रवक्ता ने कहा, “राइफलमैन कुलभूषण गोली लगने के बाद घायल हो गए थे और उन्हें हेलीकॉप्टर से 92 बेस अस्पताल, श्रीनगर ले जाया गया था। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।”

हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के एक गांव के रहने वाले मानता (27) सेना में 2014 में शामिल हुए थे। उनके परिवार में उनकी पत्नी हैं।

प्रवक्ता ने कहा, “दिवंगत राइफलमैन कुलभूषण मानता के पार्थिव शरीर को उनके पैतृक स्थान ले जाया जा रहा है, जहां पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।”

भाषा जोहेब अविनाश

अविनाश