जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में मचैल माता यात्रा के लिए इंतजामों को अंतिम रूप दिया गया
जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में मचैल माता यात्रा के लिए इंतजामों को अंतिम रूप दिया गया
जम्मू, 13 अप्रैल (भाषा) जम्मू कश्मीर के किश्तवाड़ में 14 अप्रैल से शुरू होने वाली वार्षिक मचैल माता यात्रा के लिए आरएफआईडी कार्ड, नये पुल और निर्बाध बिजली आपूर्ति सहित सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया गया है। यह जानकारी अधिकारियों ने सोमवार को दी।
अधिकारियों ने बताया कि किश्तवाड़ के उपायुक्त पंकज कुमार शर्मा ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नरेश सिंह के साथ पद्दर के अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान व्यवस्थाओं की समीक्षा की, जिसमें गुलाबगढ़ के आधार शिविर में एक बैठक और मचैल में एक जन दरबार शामिल था।
पिछले वर्ष 14 अगस्त को चिसोटी गांव (मचैल माता मंदिर का प्रवेश द्वार) में बादल फटने की घटना में 63 लोगों की मौत हो गई थी, जिनमें अधिकतर श्रद्धालु थे, और लगभग 30 लोग लापता हो गए थे।
बाढ़ में एक पुल बह गया था और कई अन्य संरचनाएं क्षतिग्रस्त हो गई थीं, जिससे संपर्क बुरी तरह प्रभावित हुआ था और क्षेत्र का बुनियादी ढांचा प्रभावित हुआ था।
अधिकारियों ने बताया कि उपायुक्त ने जारी विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की, जिसमें सड़क संपर्क, पुल निर्माण और बुनियादी सुविधाओं के निर्माण पर विशेष ध्यान दिया गया।
शर्मा ने संबंधित विभागों को तीर्थयात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए पेयजल, बिजली आपूर्ति, स्वच्छता सुविधाएं और स्वास्थ्य सेवाएं सहित पर्याप्त बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
शर्मा ने कहा कि प्रशासन इस वर्ष आरएफआईडी कार्ड जारी करेगा और प्रभावी भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा के लिए ऐसे कार्ड के उपयोग के बारे में तीर्थयात्रियों में जागरूकता पैदा करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
उन्होंने पुलिस को यात्रा मार्ग पर अतिरिक्त कर्मियों की तैनाती, निगरानी प्रणालियों की स्थापना और जांचस्थल बनाकर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने का भी निर्देश दिया।
शर्मा ने सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) को अथोली-मचैल सड़क पर चिसोटी गांव में एक अस्थायी बेली पुल के निर्माण का निर्देश दिया, ताकि बेहतर संपर्क स्थापित हो सके, क्योंकि पुराना पुल पिछले साल की भारी बारिश में बह गया था।
अधिकारियों ने बताया कि उन्होंने सूचित किया कि स्थायी पुल का काम बीआरओ द्वारा बाद में शुरू किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि उपायुक्त ने उन्हें अथोली-पल्लाली सड़क पर काम में तेजी लाने और क्षेत्र में संपर्क बढ़ाने के लिए मसू पुल के निर्माण में तेजी लाने का भी निर्देश दिया।
उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग को गुलाबगढ़ और मचैल दोनों स्थानों पर डॉक्टरों सहित चिकित्सा दल तैनात करने का निर्देश दिया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि जम्मू विद्युत वितरण निगम लिमिटेड को मचैल में निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए ठोस व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने बताया कि वहीं दूरसंचार सेवा प्रदाताओं को तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए यात्रा मार्ग पर मोबाइल कनेक्टिविटी को मजबूत करने का निर्देश दिया गया है।
भाषा अमित प्रशांत
प्रशांत

Facebook


