ईटानगर, 16 सितंबर (भाषा) अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने बुधवार को राज्य के लोगों से 17 सितंबर को ‘सेवा संकल्प अभियान’ के हिस्से के रूप में ‘आशीर्वाद का दीया’ पहल में भाग लेने का आह्वान किया, जो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर आयोजित किया जा रहा है।
खांडू ने कहा कि यह पहल जनसेवा, सुशासन और देश की निरंतर प्रगति के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता का प्रतीक होगी।
उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘आइए, 17 सितंबर को शाम छह बजे से सात बजे के बीच अपने घरों में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाएं, जो सेवा और हमारे राष्ट्र की निरंतर प्रगति के प्रति हमारे साझा संकल्प का प्रतीक होगा।’’
खांडू ने कहा, ‘‘मोदी अपने सार्वजनिक जीवन का एक और वर्ष पूरा कर रहे हैं। हम देश के लिए उनकी वर्षों की सेवा और योगदान को स्वीकार करते हैं और उसकी सराहना करते हैं।’’
मुख्यमंत्री ने मोदी की जनसेवा की भी सराहना करते हुए कहा, ‘‘जनसेवा और राष्ट्र के प्रति उनकी निरंतर प्रतिबद्धता के लिए हम उनका हृदय से आभार व्यक्त करते हैं।’’
एक अन्य पोस्ट में खांडू ने इस ‘दीये’ को ‘भारत माता’ की निरंतर सेवा, लंबी उम्र की कामना, कृतज्ञता और सद्भावना का प्रतीक बताया।
‘सेवा संकल्प अभियान’ को जनसेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण पर केंद्रित पहल के रूप में पेश किया जा रहा है।
भाषा प्रचेता माधव
माधव