अरुणाचल के राज्यपाल ने सभी एनसीसी कैडेट् से समस्या-समाधानकर्ता बनने का आग्रह किया

Ads

अरुणाचल के राज्यपाल ने सभी एनसीसी कैडेट् से समस्या-समाधानकर्ता बनने का आग्रह किया

  •  
  • Publish Date - September 16, 2026 / 07:12 PM IST,
    Updated On - September 16, 2026 / 07:12 PM IST

ईटानगर, 16 सितंबर (भाषा) अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) के. टी. परनाइक ने बुधवार को एनसीसी के सभी कैडेट से शिक्षा, अनुशासन और प्रेरणा को अपने जीवन का मूल मूल्य बनाए रखते हुए समस्या का समाधान करने वाले, नवोन्मेषक, उद्यमी और सामुदायिक नेता बनने का आह्वान किया।

राजभवन की ओर से जारी बयान के अनुसार, राज्यपाल ने 2025 और 2026 में नयी दिल्ली में आयोजित गणतंत्र दिवस शिविर, गणतंत्र दिवस परेड और प्रधानमंत्री की रैली में राज्य का प्रतिनिधित्व करने वाले एनसीसी के सभी कैडेट को सम्मानित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय मंच पर उनकी भागीदारी अरुणाचल प्रदेश के लिए गर्व की बात है।

यह सम्मान समारोह यहां पास में स्थित ‘नॉर्थ ईस्टर्न रीजनल इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी’ (एनईआरआईएसटी) में आयोजित किया गया।

परनाइक ने कहा कि कर्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस परेड में शामिल होना एक दुर्लभ सम्मान है। यह अरुणाचल प्रदेश के अनुशासन, आत्मविश्वास, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, जीवंत परंपराओं और विविधता को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि इसमें शामिल होने वाले सभी कैडेट ने देश के सामने राज्य के राजदूतों के तौर पर काम किया।

परनाइक ने कैडेट को संबोधित करते हुए कहा कि भारत और अरुणाचल प्रदेश का भविष्य युवाओं पर निर्भर करता है और उन्होंने उनसे अपने साथियों और समुदायों के लिए आदर्श व्यक्ति बनने का आग्रह किया।

परनाइक ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में ‘समाधानों का पारिस्थितिकी तंत्र’ बनाने के आह्वान का जिक्र किया और युवाओं से कहा कि वे अपने आस-पास की चुनौतियों की पहचान कर व्यावहारिक तथा टिकाऊ समाधान विकसित करने के लिए मिलकर काम करें।

भाषा

प्रचेता नरेश

नरेश