अरुणाचल प्रदेश: मुख्यमंत्री खांडू ने पुलवामा हमले में जान गंवाने वाले जवानों को श्रद्धांजलि दी

Ads

अरुणाचल प्रदेश: मुख्यमंत्री खांडू ने पुलवामा हमले में जान गंवाने वाले जवानों को श्रद्धांजलि दी

  •  
  • Publish Date - February 14, 2026 / 06:22 PM IST,
    Updated On - February 14, 2026 / 06:22 PM IST

ईटानगर, 14 फरवरी (भाषा) अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने 14 फरवरी 2019 में पुलवामा आतंकी हमले में जान गंवाने वाले केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) 40 जवानों को शनिवार को श्रद्धांजलि दी।

उन्होंने मेजर रालेंगनाओ ‘बॉब’ खथिंग की ऐतिहासिक विरासत को भी याद किया, जिनके 1951 में तवांग के शांतिपूर्ण अभियान ने इस क्षेत्र का भारत के साथ एकीकरण सुनिश्चित किया।

खांडू ने कहा कि राष्ट्र अपने नायकों के बलिदान और इसकी सीमाओं की रक्षा करने वालों के साहस का सदैव ऋणी रहेगा।

मुख्यमंत्री ने 14 फरवरी, 2019 को पुलवामा हमले में जान गंवाने वाले सीआरपीएफ के जवानों को याद करते हुए उनके बलिदान को राष्ट्र के प्रति प्रेम की सर्वोच्च अभिव्यक्ति बताया।

खांडू ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा, ‘‘आज हम सीआरपीएफ के उन 40 बहादुर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं जिन्होंने 2019 में आज के ही दिन पुलवामा में अपना सर्वोच्च बलिदान दिया था।’’

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘जब पूरी दुनिया 14 फरवरी को प्रेम दिवस के रूप में मनाती है, तब हम सबसे महान प्रेम, अपने देश के प्रति प्रेम को याद करते हैं। उनकी वीरता को कभी भुलाया नहीं जा सकेगा और उनके परिवार हमेशा हमारी प्रार्थनाओं में रहेंगे। नायकों के प्रति राष्ट्र सदा ऋणी रहेगा।”

जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में 14 फरवरी 2019 को एक आत्मघाती हमलावर ने 100 किलोग्राम से अधिक विस्फोटकों से लदे वाहन से केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) जवानों को ले जा रही बस को टक्कर मार दी थी जिसमें 40 जवानों की जान चली गई और पांच अन्य घायल हो गए थे।

भाषा तान्या धीरज

धीरज