शुभेंदु अधिकारी ने तृणमूल सरकार पर युवाओं को ‘धोखा देने’ का आरोप लगाया, बेरोजगारी का मुद्दा उठाया

Ads

शुभेंदु अधिकारी ने तृणमूल सरकार पर युवाओं को ‘धोखा देने’ का आरोप लगाया, बेरोजगारी का मुद्दा उठाया

  •  
  • Publish Date - February 14, 2026 / 06:22 PM IST,
    Updated On - February 14, 2026 / 06:22 PM IST

कोलकाता, 14 फरवरी (भाषा) भाजपा के वरिष्ठ नेता शुभेंदु अधिकारी ने शनिवार को ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए उस पर पश्चिम बंगाल के युवाओं को ‘‘धोखा देने’’ और बेरोजगारी संकट का समाधान करने में विफल रहने का आरोप लगाया।

शुभेंदु अधिकारी ने प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए दावा किया कि पश्चिम बंगाल में वर्तमान में 2.15 करोड़ से अधिक बेरोजगार युवा हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि 2013 में 17 लाख आवेदकों को भत्ते और रोजगार प्रदान करने के लिए शुरू की गई ‘युवा सहश्री’ योजना को प्रभावी रूप से समाप्त कर दिया गया है, और 2017-18 वित्तीय वर्ष से इसके लिए कोई धनराशि आवंटित नहीं की गई है।

पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता अधिकारी ने कहा, ‘‘राज्य सरकार ने राजनीतिक और कानूनी जोखिमों से बचने के लिए जानबूझकर रोजगार सृजन के रास्ते बंद कर दिए हैं। हमारे पास जानकारी है कि आवेदन सूचियों को नष्ट कर दिया गया है।’’

उन्होंने बताया कि लगभग 10 लाख सरकारी पद रिक्त हैं, जिनमें 3.58 लाख शिक्षक पद और 1.5 लाख पुलिस कांस्टेबल पद शामिल हैं।

भाजपा नेता ने राज्य के सरकारी अधिकारियों और नौकरशाहों को निर्वाचन आयोग के निर्देशों का सख्ती से पालन करने की सलाह दी, अन्यथा उन्हें ‘‘गंभीर कानूनी परिणामों’’ का सामना करना पड़ेगा।

उन्होंने आरोप लगाया कि नौकरशाही का एक वर्ग राजनीतिक दबाव में काम कर रहा है और अधिवास प्रमाण पत्रों के अनधिकृत वितरण में शामिल है।

भाजपा के वरिष्ठ नेता ने राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई और आरोप लगाया कि बांग्लादेश से घुसपैठ राज्य की जनसांख्यिकीय संरचना के लिए एक ‘‘बड़ा खतरा’’ बनी हुई है।

भाषा

शफीक माधव

माधव