अरुणाचल: राज्यपाल ने नागरिक प्रशासन-सेना के बीच बेहतर तालमेल पर दिया जोर
अरुणाचल: राज्यपाल ने नागरिक प्रशासन-सेना के बीच बेहतर तालमेल पर दिया जोर
ईटानगर, 25 सितंबर (भाषा) अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल के. टी. परनाइक ने शुक्रवार को रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण इस सीमावर्ती राज्य में नागरिक प्रशासन और सेना के बीच तालमेल को और मजबूत बनाने की जरूरत पर जोर दिया।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, राज्यपाल ने यह बात ईटानगर स्थित लोक भवन में उनसे मुलाकात करने आए ‘101 एरिया’ के जनरल ऑफिसर कमांडिंग (जीओसी) लेफ्टिनेंट जनरल मोहित वाघवा के साथ बैठक के दौरान कही।
राज्यपाल ने कहा कि किसी भी आपदा के समय तुरंत मदद पहुंचाने और जनता के कल्याण की योजनाओं को ठीक से लागू करने के लिए सेना, राज्य सरकार और स्थानीय नागरिक प्रशासन के बीच आपसी सहयोग जरूरी है।
उन्होंने सैनिकों की आवाजाही और सीमावर्ती क्षेत्रों में लॉजिस्टिक्स (सामान, हथियार और रसद पहुंचाने की व्यवस्था) को आसान बनाने के लिए रास्तों, संचार सेवाओं (फोन व इंटरनेट) और प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करने की बात कही।
परनाइक ने पूर्वोत्तर में सेना के लिए जरूरी सामान की आपूर्ति और युद्ध से जुड़ी तैयारियों के समन्वय में शिलांग मुख्यालय वाले ‘101 एरिया’ की मुख्य भूमिका की सराहना की।
उन्होंने बाढ़ और भूस्खलन जैसी प्राकृतिक आपदाओं के दौरान सेना की त्वरित मदद की तारीफ करते हुए कहा कि सेना द्वारा समय पर चलाए गए बचाव, राहत और पुनर्वास कार्यों से प्रभावित लोगों को बड़ी राहत मिली है।
भाषा सुमित पवनेश
पवनेश

Facebook


