जब तक भाजपा की सरकार है, तब तक संविधान खतरे में : अखिलेश

जब तक भाजपा की सरकार है, तब तक संविधान खतरे में : अखिलेश

जब तक भाजपा की सरकार है, तब तक संविधान खतरे में : अखिलेश
Modified Date: March 29, 2026 / 08:37 pm IST
Published Date: March 29, 2026 8:37 pm IST

नोएडा, 29 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के लिये अभियान शुरू करते हुये राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को कहा कि जो लोग संविधान बदलने के लिए 400 सीटें जीतने की बात कर रहे थे, वे भले ही हार गए हों, लेकिन जब तक भाजपा सत्ता में है, तब तक इसका खतरा बना रहेगा।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा, ‘‘संविधान खतरे में है और तब तक रहेगा जब तक भाजपा है। जब तक भाजपा की सरकार है तब तक संविधान खतरे में है। भाजपा को भीमराव अंबेडकर के संविधान पर भरोसा नहीं है।’’

उन्होंने कहा कि बाबा साहेब अंबेडकर ने हमें एक ऐसा हथियार दिया है जो लोहे की तलवार से मजबूत है।

नोएडा के दादरी में एक रैली को संबोधित करते हुए अखिलेश ने एक दिन पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के उद्घाटन के दौरान सपा पर लगाये गये आरोपों का जवाब दिया।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा द्वारा उद्घाटन किए गए कई हवाई अड्डे अभी तक चालू नहीं हैं।

उन्होंने कहा, “पहले भी इन्होंने हवाई अड्डों का उद्घाटन किया था, लेकिन सात में से छह अब तक चालू नहीं हैं।” साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि उनकी पार्टी के सत्ता में आने पर भूमि अधिग्रहण के लिए किसानों को उचित मुआवजा दिया जाएगा।

इससे एक दिन पहले जेवर में हवाई अड्डे का उद्घाटन करते हुए प्रधानमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा था।

मोदी ने आरोप लगाया था कि अपने कार्यकाल में सपा ने नोएडा को “लूट का एटीएम” बना दिया था। साथ ही उन्होंने विपक्षी नेताओं पर “अंधविश्वास” के कारण गौतमबुद्ध नगर आने से बचने का तंज भी कसा था।

सपा प्रमुख ने कहा, “कल कहा गया कि हम नोएडा नहीं आते। मैं उन्हें याद दिलाना चाहता हूं कि मैंने यहां अपने पार्टी कार्यकर्ताओं के घर उतनी बार दौरा किया है, जितनी बार उन दोनों ने मिलकर चाय नहीं पी होगी।”

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रह चुके अखिलेश ने इस क्षेत्र में विकास का श्रेय अपनी पार्टी की पिछली सरकार को दिया, जिसमें दिल्ली मेट्रो के जरिए दिल्ली और नोएडा को जोड़ने वाली कनेक्टिविटी भी शामिल है।

उन्होंने कहा, “हमारी सरकार ने नोएडा के विकास के लिए कई फैसले लिए थे। इनके पास दिखाने के लिए कुछ नहीं है, इसलिए वे इस तरह के बयान दे रहे हैं।”

सपा इस रैली को 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों का औपचारिक आगाज मान रही है।

भाषा सं रंजन

रंजन


लेखक के बारे में