हैदराबाद, पांच जुलाई (भाषा) ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी से हैदराबाद स्थित गुडीमलकापुर फल एवं सब्जी मंडी को प्रस्तावित रूप से स्थानांतरित करने की योजना पर तत्काल रोक लगाने का आग्रह किया है।
उन्होंने रविवार को कहा कि इस कदम से लगभग 10,000 परिवारों की आजीविका प्रभावित होगी।
ओवैसी ने आरोप लगाया कि मंडी को स्थानांतरित करने का प्रस्ताव ‘मार्केट अधिनियम, 1966’ के प्रावधानों के विरुद्ध है।
हैदराबाद से लोकसभा सदस्य ओवैसी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में मुख्यमंत्री से अपील करते हुए कहा कि गुडीमलकापुर की फल एवं सब्जी मंडी को रंगा रेड्डी जिले के अजीज नगर स्थानांतरित करने के प्रस्ताव को तत्काल रोका जाए।
उन्होंने कहा कि यह मंडी दक्षिण और पश्चिम हैदराबाद के लोगों की जरूरतों को पूरा करती है और इसके स्थानांतरण से करीब 10,000 परिवारों की आजीविका प्रभावित होगी।
एआईएमआईएम अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि बाजार समिति के अध्यक्ष ‘‘बिना किसी कारण’’ मंडी को स्थानांतरित करना चाहते हैं।
ओवैसी ने राज्य के मुख्य सचिव संजय जाजू का ध्यान इस ओर आकर्षित करते हुए कहा कि वर्ष 1991 में करवान स्थित सब्जी मंडी से इस बाजार को हैदराबाद जिले के गुडीमलकापुर में स्थानांतरित किया गया था।
उन्होंने दावा किया कि पिछले दो वर्षों में ‘दक्षिण और पश्चिम हैदराबाद’ से कई सरकारी कार्यालयों को भी स्थानांतरित किया गया है।
उन्होंने कहा कि अब मंडी को भी हटाना न केवल अनुचित होगा, बल्कि इससे गलत संदेश भी जाएगा।
भाषा रवि कांत रवि कांत नरेश
नरेश