नयी दिल्ली, छह अक्टूबर (भाषा) पांच राज्यों में विधानसभा चुनावों के कार्यक्रम की घोषणा से पहले शुक्रवार को निर्वाचन आयोग ने एक अहम बैठक की जिसमें मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने पर्यवेक्षकों से आगामी चुनावों में धनबल पर पूरी तरह से नियंत्रण लगाने के साथ ही हिंसा मुक्त चुनाव सुनिश्चित करने को कहा।
निर्वाचन आयोग के पुलिस, सामान्य और व्यय पर्यवेक्षकों की दिनभर चली बैठक का उद्देश्य रणनीति को सुव्यवस्थित करना था ताकि आदर्श आचार संहिता प्रभावी ढंग से लागू किया जा सके तथा धन एवं बाहुबल चुनावों को प्रभावित न करे।
छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, तेलंगाना, मिजोरम और राजस्थान में नवंबर-दिसंबर में विधानसभा चुनाव होने की संभावना है।
कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि पर्यवेक्षकों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है कि चुनाव हिंसा मुक्त हों और धनबल की बुराई को पूरी तरह से नियंत्रित किया जाए।
आयोग ने अब तक राजस्थान, मिजोरम, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में चुनाव तैयारियों का जायजा लिया है। आयोग के एक दल ने बृहस्पतिवार को तेलंगाना की यात्रा समाप्त की।
निर्वाचन आयोग अगले कुछ दिनों में पांच राज्यों में चुनाव की तारीखों की घोषणा कर सकता है।
भाषा ब्रजेन्द्र ब्रजेन्द्र राजकुमार