गुवाहाटी, 17 मार्च (भाषा) असम में विपक्षी दल ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ) ने राज्य विधानसभा चुनाव के लिए अपने 12 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की।
एआईयूडीएफ द्वारा जारी उम्मीदवारों की दूसरी सूची में पार्टी अध्यक्ष और पूर्व सांसद बदरुद्दीन अजमल और तीन मौजूदा विधायकों सहित अन्य लोगों के नाम शामिल हैं।
इसी के साथ एआईयूडीएफ नौ अप्रैल को होने वाले 126 सदस्यीय विधानसभा चुनाव के लिए अपने 21 उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है। इससे पहले पार्टी ने नौ मार्च को नौ उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी।
एआईयूडीएफ द्वारा जारी उम्मीदवारों की दूसरी सूची में तीन मौजूदा विधायकों के नाम शामिल हैं। सूची के मुताबिक, पार्टी ने हाफिज बशीर अहमद को गोलपाड़ा पूर्व से, नजरूल हक को धुबरी से और अशरफुल हुसैन को चेंगा से मैदान में उतारा है।
स्वयं पूर्व विधायक रह चुके अजमल इस चुनाव में बिन्नाकंडी निर्वाचन क्षेत्र से अपनी किस्मत आजमाएंगे।
एआईयूडीएफ की दूसरी सूची के मुताबिक, दलगांव से मजीबुर रहमान, सामागुड़ी से अब्दुल अजीज, बिजनी से मुसुखा बसुमतारी ,राहा से मुकुट दास और राम कृष्ण नगर से अनूप कृष्ण दास तालुकदार पार्टी उम्मीदवार होंगे।
एआईयूडीएफ ने अपनी पहली सूची में अपने तीन मौजूदा विधायकों – अमीनुल इस्लाम (वरिष्ठ), हाफिज रफीकुल इस्लाम और निजानुर रहमान को क्रमशः रूपाहीहाट, मंडिया और गौरीपुर निर्वाचन क्षेत्रों से फिर से उतारने की घोषणा की थी।
एआईयूडीएफ किसी भी विपक्षी गठबंधन का हिस्सा नहीं है। हालांकि, पार्टी ने कांग्रेस नीत गठबंधन में शामिल होने की कोशिश की थी।
अजमल ने पूर्व में कहा था कि उनकी पार्टी आगामी चुनावों में 25-30 सीट पर चुनाव लड़ेगी। मौजदा विधानसभा में एआईयूडीएफ के 15 सदस्य हैं।
भाषा धीरज दिलीप
दिलीप