असम: मुख्यमंत्री ने विवादास्पद सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर विपक्षी उम्मीदवार की मां पर निशाना साधा

Ads

असम: मुख्यमंत्री ने विवादास्पद सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर विपक्षी उम्मीदवार की मां पर निशाना साधा

  •  
  • Publish Date - April 3, 2026 / 10:14 AM IST,
    Updated On - April 3, 2026 / 10:14 AM IST

गुवाहाटी, तीन अप्रैल (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने असम जातीय परिषद (एजेपी) की उम्मीदवार कुंकी चौधरी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उनकी मां ने सोशल मीडिया पर पाकिस्तान के समर्थन में पोस्ट किए थे, जिससे ‘सनातनी’ लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंची।

शर्मा ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि चौधरी की मां ने बीफ के सेवन से संबंधित पोस्ट साझा किए थे और कुछ वर्गों के लिए आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं।

इन टिप्पणियों पर एजेपी की ओर से तीखी प्रतिक्रिया सामने आई। पार्टी अध्यक्ष लुरिनज्योति गोगोई ने मुख्यमंत्री पर आरोप लगाया कि जब उनके पास पूछे गए सवालों का कोई जवाब नहीं होता तो वे ‘हिंदू-मुस्लिम बयानबाजी’ का सहारा लेते हैं।

27 वर्षीय कुंकी चौधरी चुनाव में सबसे युवा उम्मीदवारों में से एक हैं। वह गुवाहाटी सेंट्रल निर्वाचन क्षेत्र से चुनावी मैदान में उतर रही हैं। उनका मुकाबला भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता विजय कुमार गुप्ता से है।

खोवांग में अपने चुनाव प्रचार के दौरान पत्रकारों से बात करते हुए शर्मा ने कहा, ‘कुंकी चौधरी की मां सुजाता गुरुंग चौधरी हैं। वह सिक्किम की महिला हैं। हमें इससे कोई आपत्ति नहीं है।’

गोगोई खोवांग से चुनाव लड़ रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने अपने मोबाइल फोन पर कुंकी की मां की ऐसी ही एक कथित तस्वीर दिखाते हुए कहा, ‘उन्होंने इंस्टाग्राम पर बीफ खाते हुए कई तस्वीरें साझा की हैं… वह सनातनी लोगों को चुनौती दे रही हैं।’

उन्होंने यह भी दावा किया कि सुजाता ने शरजील इमाम और उमर खालिद के उन कथित बयानों का समर्थन किया था जिनमें उन्होंने पूर्वोत्तर को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने वाले ‘चिकन नेक कॉरिडोर से संपर्क तोड़ने’ की बात कही थी।

मुख्यमंत्री ने दावा किया, ‘फेसबुक पर सुजाता ने खुलेआम इन दो ‘शैतानों’ द्वारा चिकन नेक कॉरिडोर को बंद करने के आह्वान का समर्थन किया है। इसके अलावा, उन्होंने यह भी कहा है कि वह भगवान कृष्ण में विश्वास नहीं करतीं। उन्होंने यह भी कहा कि हमने अपने सामान्य राजनीतिक विमर्श में पाकिस्तान को दुश्मन के रूप में चित्रित किया है, लेकिन वास्तव में वे हमारे दुश्मन नहीं हैं।’

शर्मा ने लुरिनज्योति गोगोई पर व्यक्तिगत निशाना साधते हुए कहा कि उनके जैसे अखिल असम छात्र संघ (एएएसयू) के पूर्व नेता को अब चुनाव जीतने के लिए गांधी परिवार की जरूरत है।

एजेपी कांग्रेस और चार अन्य दलों के साथ गठबंधन में विधानसभा चुनाव लड़ रही है, और प्रियंका गांधी वाद्रा ने बुधवार को गोगोई के निर्वाचन क्षेत्र में चुनाव प्रचार किया।

शर्मा ने कहा, “उनका एकमात्र लक्ष्य विधायक बनना और शादी करना है। मैं उन्हें चुनौती देता हूं कि वे मेरे दावों का खंडन करें।”

गोगोई ने पलटवार करते हुए सवाल उठाया कि मुख्यमंत्री उम्मीदवार की मां को राजनीतिक विवाद में क्यों घसीट रहे हैं।

एजेपी प्रमुख ने कहा, “वह (कुंकी चौधरी) लंदन यूनिवर्सिटी कॉलेज से स्नातकोत्तर डिग्री प्राप्त एक उच्च शिक्षित लड़की है, उनकी बेटी से छोटी है, और जब उसने बुनियादी सवाल उठाए, तो वह जवाब नहीं दे सके।”

उन्होंने कहा कि कुंकी ने गुवाहाटी में कृत्रिम बाढ़, यातायात जाम, स्वदेशी लोगों के भूमि अधिकारों जैसे मुद्दे उठाए थे, और जब मुख्यमंत्री के पास इन मुद्दों का कोई जवाब नहीं था, तो ‘उन्होंने हिंदू-मुस्लिम की राजनीति शुरू कर दी।’

मुख्यमंत्री के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कुंकी ने सोशल मीडिया पर एक व्यंग्यात्मक वीडियो भी पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने देश में उन्हें घर-घर में मशहूर बनाने के लिए शर्मा को धन्यवाद दिया।

उन्होंने कहा, ‘माननीय मुख्यमंत्री जी को बहुत-बहुत धन्यवाद। मुझे पता चला कि मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने मेरी मां पर कुछ आरोप लगाए, जो पूरी तरह से झूठे हैं।’

कुंकी ने कहा कि इन आरोपों से साबित होता है कि ‘भाजपा ने गुवाहाटी सेंट्रल सीट पर हार मान ली है।’

उन्होंने कहा, ‘राजनीति में आए मुझे महज 15 दिन हुए हैं और इतने कम समय में गुवाहाटी सेंट्रल और असम के लोगों ने मुझे जो प्यार दिया है, उससे वे चिंतित हैं। उनके (शर्मा) द्वारा मेरा नाम लेने से अब पूरा देश जान जाएगा कि कुंकी चौधरी कौन हैं। मैं उन्हें फिर से धन्यवाद देती हूं।’

असम विधानसभा की 126 सीटों के लिए चुनाव नौ अप्रैल को होंगे और मतगणना चार मई को होगी।

भाषा तान्या गोला

गोला