गुवाहाटी, चार अप्रैल (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने शनिवार को कहा कि राज्य सरकार बिहू और दुर्गा पूजा के त्योहारों के दौरान लोगों को एक-एक एलपीजी सिलेंडर मुफ्त में वितरित करेगी।
चाराइदेव जिले के महमोरा निर्वाचन क्षेत्र में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए शर्मा ने यह स्पष्ट नहीं किया कि मुफ्त गैस सिलेंडर असम के सभी लोगों को वितरित किए जाएंगे या किसी विशेष वर्ग को।
उन्होंने कहा, ‘‘अब हम बिहू और दुर्गा पूजा के दौरान लोगों को दो मुफ्त गैस सिलेंडर वितरित करेंगे, ताकि वे खुशी से त्योहार मना सकें।’’
उन्होंने कहा कि बिहू और दुर्गा पूजा के त्योहारों के दौरान एक-एक मुफ्त एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा।
रोंगाली बिहू त्योहार 14 अप्रैल से मनाया जाएगा, जबकि दुर्गा पूजा का उत्सव अक्टूबर में शुरू होगा।
इससे पहले मार्च में असम के मुख्य सचिव रवि कोटा ने कहा था कि स्थानीय रिफाइनरियों की क्षमता राज्य की एलपीजी मांग का केवल 30 प्रतिशत ही पूरा करने की है, जो पश्चिम एशिया में युद्ध के मद्देनजर आने वाले दिनों में खाना पकाने के ईंधन की संभावित कमी का संकेत देता है।
असम की 126 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान नौ अप्रैल को होगा, जबकि परिणाम चार मई को घोषित किए जाएंगे।
भाषा संतोष माधव
माधव