असम बाढ़: बचाव अभियान के लिए राज्य सरकार ने सेना और वायुसेना से तैयार रहने का अनुरोध किया

Ads

असम बाढ़: बचाव अभियान के लिए राज्य सरकार ने सेना और वायुसेना से तैयार रहने का अनुरोध किया

  •  
  • Publish Date - July 19, 2026 / 10:08 PM IST,
    Updated On - July 19, 2026 / 10:08 PM IST

गुवाहाटी, 19 जुलाई (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने रविवार को कहा कि उनकी सरकार ने सेना और वायुसेना से तैयार रहने का अनुरोध किया है, ताकि बाढ़ से प्रभावित कई जिलों में राज्य प्रशासन को पीड़ितों को सुरक्षित निकालने में आवश्यकता पड़ने पर सहायता मिल सके।

शर्मा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि उन्होंने मंत्रिमंडल के अपने चार सहयोगियों को हाल में बाढ़ की चपेट में आए तीन जिलों में बचाव और राहत कार्यों की निगरानी के लिए तत्काल असम के ऊपरी क्षेत्रों में रवाना होने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘शिवसागर, चराइदेव और जोरहाट में बाढ़ की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। इसे देखते हुए असम सरकार ने सेना और वायुसेना से आवश्यकता पड़ने पर बचाव अभियान में सहायता के लिए तैयार रहने का अनुरोध किया है।’’

शर्मा ने कहा कि उन्होंने मंत्रिमंडल के अपने सहयोगियों अंजता नेओग, बिमल बोरा, केशव महंत और सुसांत बोरगोहाईं को तत्काल बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर राहत कार्यों की निगरानी करने तथा यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक प्रभावित परिवार को समय पर सहायता मिले।

उन्होंने कहा, ‘‘हमारे लोगों की सुरक्षा और उनका कल्याण हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। मैं चौबीसों घंटे स्थिति पर नजर रखे हुए हूं और लोगों की जान-माल की रक्षा तथा हरसंभव राहत उपलब्ध कराने के लिए हम हर आवश्यक कदम उठाएंगे।’’

भाषा

देवेंद्र प्रशांत

प्रशांत