असम ने बाढ़ प्रभावितों के राहत, पुनर्वास के लिए केंद्र से वित्तीय सहायता मांगी: हिमंत
असम ने बाढ़ प्रभावितों के राहत, पुनर्वास के लिए केंद्र से वित्तीय सहायता मांगी: हिमंत
(फाइल फोटो के साथ)
गुवाहाटी, 30 जुलाई (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बृहस्पतिवार को कहा कि राज्य सरकार ने बाढ़ प्रभावित लोगों के राहत एवं पुनर्वास के लिए केंद्र से वित्तीय सहायता मांगी है।
राज्य सरकार ने अंतर-मंत्रालयी केंद्रीय दल (आईएमसीटी) के समक्ष अपनी मांग रखी। इस दल ने बुधवार को ऊपरी असम के बाढ़ प्रभावित जिलों का अपना चार दिन का दौरा संपन्न किया।
शर्मा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘इस साल आई बाढ़ अभूतपूर्व है और इसने भारी तबाही मचाई है। हमारी ‘डबल इंजन’ सरकार लोगों की परेशानी को कम करने के लिए काम करेगी।’’
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने ऊपरी असम में आई बाढ़ को ‘‘असामान्य और तेजी से घटित होने वाली घटना’’ करार देने की मांग की है, साथ ही नुकसान के आकलन और मदद के लिए लचीले नियमों की भी मांग की है।
शर्मा ने कहा कि इसमें शिवसागर, चराइदेव, जोरहाट और गोलाघाट के लिए एक ‘‘खास केंद्रीय सहायता पैकेज’’ की मांग की गई, जिसमें राहत, आवास, अवसंरचना और आजीविका को फिर से बहाल करना शामिल है।
उन्होंने कहा कि असम ने पूर्वोत्तर में आपदा जोखिम कम करने के लिए एक तंत्र बनाने की भी मांग की, ताकि असम और सात पड़ोसी राज्यों में आपदा प्रबंधन के सभी चरणों में क्षेत्रीय तालमेल को मजबूत किया जा सके।
भाषा सुभाष नरेश
नरेश

Facebook


