जयपुर, 14 मार्च (भाषा) जयपुर में शनिवार को अज्ञात लोगों ने जमीन-जायदाद के एक कारोबारी (प्रॉपर्टी डीलर) पर गोलियां चला दीं लेकिन वह बाल-बाल बच गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार यह घटना बिंदायका थानाक्षेत्र में हाथोज फाटक के पास हुई।
पुलिस के मुताबिक सिरसी गांव का कमल मीणा (38) अपनी एसयूवी ‘फॉर्च्यूनर’ कार से से मंदिर जा रहे थे, तभी तीन गाड़ियों से आए दर्जन भर लोगों ने एक निजी स्कूल के पास उनके वाहन को घेर लिया।
पुलस का कहना है कि हमलावरों में से एक ने मीणा पर गोली चला दी, गोली कार पर लगी।
पुलिस ने बताया कि इस घटना के दौरान मीणा ने अपनी गाड़ी से हमलावरों के वाहन को टक्कर मार दी और पैदल भागने की कोशिश कर रहे एक हमलावर का पीछा भी किया। हालांकि, हमलावर अपनी गाड़ियों में बैठकर भाग निकलने में कामयाब रहे।
पुलिस के अनुसार हमलावरों की पहचान करने के लिए आस-पास के इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई।
पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह घटना किसी पुरानी रंजिश का नतीजा जान पड़ती है और मामले की जांच की जा रही है।
भाषा पृथ्वी
राजकुमार
राजकुमार