समाज के सबसे सम्मानजनक वर्ग पर हमला : विहिप ने ‘घूसखोर पंडत’ से जुड़े विवाद पर कहा

Ads

समाज के सबसे सम्मानजनक वर्ग पर हमला : विहिप ने ‘घूसखोर पंडत’ से जुड़े विवाद पर कहा

  •  
  • Publish Date - February 6, 2026 / 05:36 PM IST,
    Updated On - February 6, 2026 / 05:36 PM IST

नयी दिल्ली, छह फरवरी (भाषा) विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने शुक्रवार को फिल्म ‘घूसखोर पंडत’ के खिलाफ आपत्ति जताते हुए इसे समाज के ‘सबसे सम्मानित’ वर्ग पर हमला बताया और सरकार से इस मामले को देखने का आग्रह किया।

इस हफ्ते की शुरुआत में फिल्म की घोषणा के बाद सोशल मीडिया पर हंगामा मच गया है, जिसमें कई उपयोगकर्ताओं ने फिल्म के शीर्षक को ‘जातिवादी’ और आपत्तिजनक बताया है। इस विवाद के कारण उत्तर प्रदेश के लखनऊ में हजरतगंज थाने में प्राथमिकी भी दर्ज की गई है, जबकि राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने एक शिकायत के बाद सूचना और प्रसारण मंत्रालय को नोटिस जारी किया है।

नेटफ्लिक्स इंडिया की ‘एक्स’ पर फिल्म के प्रचार संबंधी पोस्ट पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए, विहिप के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने कहा, ‘‘यह बिल्कुल अस्वीकार्य है।’’

उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘सीरीज के नाम के जरिए, आप न सिर्फ हमारे हिंदू समाज के सबसे सम्मानित वर्ग पर हमला कर रहे हैं, बल्कि देश में नफरत और अशांति फैलाने की भी कोशिश कर रहे हैं। इसे तुरंत रोकें और माफी मांगें, नहीं तो हिंदू समाज आपके ऐसे बार-बार किए जाने वाले प्रयासों के खिलाफ लोकतांत्रिक कार्रवाई करने के लिए मजबूर होगा।’’

अपनी पोस्ट में सूचना और प्रसारण मंत्रालय, केंद्रीय गृह मंत्रालय और मुंबई पुलिस को टैग करते हुए, बंसल ने लिखा, ‘‘कृपया इस पर ध्यान दें।’’

नेटफ्लिक्स पर आने वाली फिल्म के नाम को लेकर आलोचना का सामना करने के एक दिन बाद, इसके अभिनेता मनोज बाजपेयी और फिल्मकार नीरज पांडे ने शुक्रवार को कहा कि ‘घूसखोर पंडत’ की कहानी एक गलत व्यक्ति के बारे में है और इसका किसी जाति या समुदाय से कोई लेना-देना नहीं है।

अपने सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्ट किए गए एक बयान में, पांडे ने स्वीकार किया कि फिल्म के नाम ने दर्शकों के एक वर्ग को ‘ठेस’ पहुंचाई है और फिल्म की समस्त प्रचार सामग्री फिलहाल हटा दी जाएगी।

पांडे ने कहा कि यह फिल्म, जिसे उन्होंने लिखा और निर्माण किया है, एक काल्पनिक पुलिस ड्रामा है और ‘पंडत’ शब्द का इस्तेमाल सिर्फ एक काल्पनिक किरदार के लिए बोलचाल के नाम के तौर पर किया गया है।

फिल्म में मुख्य भूमिका निभाने वाले बाजपेयी ने कहा कि वह लोगों द्वारा साझा की गई भावनाओं और चिंताओं का सम्मान करते हैं और उन्हें गंभीरता से लेते हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘मेरे लिए, यह एक खराब इंसान और उसकी आत्म-पहचान की यात्रा को दिखाने की बात थी। इसका मकसद किसी भी समुदाय के बारे में कोई बयान देना नहीं था।’’

फिल्म की घोषणा नेटफ्लिक्स ने मंगलवार को एक कार्यक्रम में की थी। इसका निर्देशन रितेश शाह ने किया है, जिन्होंने पांडे के साथ मिलकर इसकी कहानी भी लिखी है।

भाषा वैभव शफीक

शफीक